एमपी में कुत्ते का मास्क पहन कलेक्ट्रेट पहुंचा फरियादी: कुत्तों की नसबंदी में 40 लाख का घोटाला, सरकारी धन के दुरुपयोग का लगाया आरोप

खंडवा कलेक्ट्रेट में बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का केंद्र बन गया। एक फरियादी कुत्ते का मास्क पहनकर प्रशासनिक अधिकारियों के सामने पहुंचा और आवारा कुत्तों के बधियाकरण अभियान में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। इस दौरान उसके साथ खंडवा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक 'मुल्लू' राठौर भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के जरिए नगर निगम पर आरोप लगाया गया कि कुत्तों की नसबंदी के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया और वास्तविक काम के बजाय कागजों में कार्रवाई दिखाई गई।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक 'मुल्लू' राठौर ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आवारा कुत्तों की रोकथाम और बधियाकरण के लिए जारी सरकारी बजट का कथित तौर पर दुरुपयोग हुआ है। आरोप लगाया गया कि नसबंदी की प्रक्रिया को कागजों में पूरा दिखाकर लाखों रुपये के सरकारी फंड का बंदरबांट किया गया। इसी कथित अनियमितता की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कुत्ते का रूप धारण कर विरोध दर्ज कराया गया।

नसबंदी के नाम पर की धोखाधड़ी

कलेक्ट्रेट परिसर में कुत्ते का मास्क लगाए व्यक्ति को देखकर जनसुनवाई में मौजूद लोग और अधिकारी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। प्रदर्शन जल्द ही पूरे परिसर में चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस अनोखे विरोध की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। दीपक राठौर ने तंज कसते हुए कहा कि उनके साथ आया व्यक्ति डॉगी का रूप धारण कर यह शिकायत लेकर पहुंचा है कि नसबंदी के बावजूद उसके छह बच्चे हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कंपनियों ने नसबंदी के नाम पर कथित धोखाधड़ी की, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

एफआईआर की मांग की

दीपक राठौर ने अधिकारियों के सामने प्रदर्शन को लेकर व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि कुत्ते का मास्क पहना व्यक्ति दिल्ली से एमकॉम, बीकॉम और कई बड़ी डिग्रियां लेकर आया है। उन्होंने दावा किया कि बधियाकरण के नाम पर 40 लाख रुपये खा लिए गए। उन्होंने मामले में तत्काल एफआईआर की मांग की और कहा कि शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो मामला हाई कोर्ट तक ले जाया जाएगा। जनहित याचिका दाखिल करने की बात भी कही गई।

अपर कलेक्टर बोले- निष्पक्ष जांच होगी

खंडवा के अपर कलेक्टर काशी राम बड़ोले ने बताया कि जनसुनवाई में कुत्तों के बधियाकरण केंद्र की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच कराएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर यदि किसी तरह की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।