झारखंड के सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: तीन इंजीनियरों की दर्दनाक मौत, एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
झारखंड के रामगढ़ जिले में बरकाकाना थाना क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री में हुए एक भीषण ब्लास्ट में तीन इंजीनियरों की दर्दनाक मौत हो गई है और एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा पावर प्लांट के टरबाइन/बॉयलर सेक्शन में हुआ। लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया हैं।
रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड नामक स्पंज–आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार की देर रात और शनिवार तड़के अचानक ब्लास्ट हो गया। फैक्ट्री के पावर प्लांट में जोरदार आवाज हुई, और भीषण आग लग गई।
घायल मजदूर को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना में तीन इंजीनियरों की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को इलाज के लिए रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी 50 वर्ष, जगेश्वर बिहार बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो व गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल है।
ओवरहीटिंग की हो रही थी समस्या
बताया जा रहा है कि प्लांट के कंट्रोल रूम और पैनल में लगातार ओवरहीटिंग हो रही थी। जब इंजीनियर पैनल की समस्या को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक टरबाइन/बॉयलर में तेज धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद नाइट ड्यूटी में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। सब अपनी-अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दमकल की पांच गाडि़यों ने आग पर पाया काबू
सूचना पाकर देर रात को फैक्ट्री प्रबंधन के लोग व पुलिस पहुंची। रामगढ़ से चार–पांच दमकल बुलाकर आग पर किसी तरह से काबू पाया गया। घटना की सूचना पाकर सुबह से स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री गेट के समक्ष जुटी है।
प्रबंधन पर लगा लापरवाही का आरोप
मृतकों के आश्रित को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री के गेट को जाम करने की तैयारी में जुटे हैं। इधर फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण घटना हुई। बार–बार वहां एसी लगाने को कहा गया था, ताकि टेम्प्रेचर कंट्रोल रहे।











