महाराष्ट्र में आईफोन की जिद में पिता- पुत्र की मौत: सदमें में मां की भी गई जान, ईएमआई को लेकर हुआ था विवाद
छत्रपति संभाजीनगर के तीसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी पर एक दर्दनाक घटना सामने आई हैं। जहां एक आईफोन की जिद और उसकी ईएमआई के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
देवलाई इलाके के रहने वाले 19 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े ने एक आईफोन खरीदा था। वह उसकी मासिक किस्त चुकाने के लिए अपने माता-पिता से पैसे मांग रहा था। पैसे न होने के कारण जब माता-पिता ने मना किया, तो पिता मुरलीधर चंदगुड़े के साथ उसकी तीखी बहस हो गई और पिता ने उसे डांट दिया। पिता की डांट से नाराज होकर कुणाल सुबह करीब दस बजे तिसगांव की खावड्या पहाड़ी के किनारे पर जाकर खड़ा हो गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
सुरक्षा जाल भी हुआ नाकाम
जानकारी मिलने पर कुणाल की मां संगीता, पिता मुरलीधर, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और गांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव वहां पहुंचे। ग्रामीणों और माता-पिता ने करीब तीन घंटे तक कुणाल के सामने हाथ जोड़े और गिड़गिड़ाए। उन्होंने कुणाल को नया फोन दिलाने का वादा भी किया, लेकिन वह लगातार "मुझे बस मरना है" कहता रहा। दमकल कर्मियों ने नीचे एक बड़ा सुरक्षा जाल भी बिछाया था, लेकिन कुणाल लगातार पहाड़ी पर अपनी जगह बदल रहा था।
बेटे को पकड़ने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
दोपहर करीब एक बजे, पिता मुरलीधर उसे बचाने के लिए चोटी पर पहुंचे और कुणाल को पीछे खींचने के लिए झपट्टा मारा। इसी दौरान कुणाल ने छलांग लगा दी और उसे पकड़ने के चक्कर में पिता का संतुलन भी बिगड़ गया, जिससे दोनों 300 फीट गहरी खाई में गिर गए।
सदमे में मां ने भी लगा दी छलांग
अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख मां संगीता गहरे सदमे में आ गईं। उन्होंने भी तुरंत उसी जगह से नीचे छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरा परिवार हुआ खत्म
ग्रामीणों के अनुसार, इस परिवार के छोटे बेटे की मौत चार साल पहले ही हो चुकी थी और इस घटना के बाद अब पूरा परिवार पूरी तरह से खत्म हो गया है। पुलिस ने तीनों शवों को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











