कर्नाटक में बुजुर्ग भिखारी महिला की मौत: भीख मांगकर करती थी गुजारा, घर में मिलीं नोटों से भरी 30 बोरियां
मांड्या जिले में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके घर से बरामद नकदी ने लोगों को हैरान कर दिया। गुथालू इलाके में महिला के छोटे से किराए के कमरे से नोटों से भरी 30 से ज्यादा बोरियां मिली हैं। शुरुआती गिनती में करीब आठ से नौ लाख रुपए सामने आ चुके हैं, जबकि 20 से ज्यादा बोरियों की गिनती अभी बाकी है। महिला की पहचान हूर उन्निसा के रूप में हुई है।
हूर उन्निसा अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी। दोनों बहनों ने शादी नहीं की थी और भीख मांगकर जीवनयापन करती थीं। करीब दो साल पहले हूर की बहन की मौत हो गई थी। इसके बाद वह घर में अकेली रहने लगी। बीमारी और बढ़ती उम्र के चलते हाल ही में हूर उन्निसा का भी निधन हो गया। महिला की मौत के बाद स्थानीय लोग अंतिम संस्कार और घर की व्यवस्था के लिए कमरे में पहुंचे थे।
बोरियां खोलीं तो छोटे नोटों का निकला ढेर
घर के अंदर प्लास्टिक की कई बोरियां रखी मिलीं। लोगों ने जब इन्हें खोलकर देखा तो उनमें 10, 20 और 50 रुपए के नोट भरे हुए थे। कुछ नोट नए थे, जबकि कई मुड़े-तुड़े थे। इसके बाद स्थानीय लोगों और समुदाय के सदस्यों ने नकदी की गिनती शुरू की। कई घंटे तक गिनती चलने के बावजूद बोरियों में रखे नोट खत्म नहीं हुए। शुरुआती गणना में ही आठ से नौ लाख रुपए की रकम सामने आ गई।
20 से ज्यादा बोरियों की गिनती बाकी
स्थानीय लोगों के मुताबिक अभी 20 से ज्यादा बोरियों में रखी नकदी की गिनती बाकी है। ऐसे में कुल रकम कई लाख रुपए तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल घर से मिली पूरी नकदी को इलाके की मस्जिद की देखरेख में सुरक्षित रखवा दिया गया है। स्थानीय समाजसेवियों ने महिला के रिश्तेदारों को भी सूचना भेजी है।
रिश्तेदारों के आने पर तय होगा हक
रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद बाकी बोरियों में रखे नोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद रकम पर कानूनी रूप से किसका अधिकार है। फिलहाल नकदी को सुरक्षित रखा गया है और स्थानीय स्तर पर पूरी रकम की गिनती पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।











