तेलंगाना में बस-ट्रक की टक्कर: 6 की मौत; 43 यात्री थे सवार, हैदराबाद से जा रही थी विजयवाड़ा

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस की दुर्गापुरम स्टेज के पास ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई यात्री घायल बताए गए हैं। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस में कुल 43 यात्री सवार थे। बस हैदराबाद से विजयवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूर्यापेट जिले के दुर्गापुरम स्टेज के पास अचानक बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

सूर्यापेट पुलिस के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल यात्रियों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने दिए इलाज के निर्देश

हादसे की जानकारी मिलने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया। तेलंगाना CMO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि कोडद मंडल के द्वारकुंटा के पास प्राइवेट बस और कंटेनर की टक्कर हुई। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को घायलों के बेहतर इलाज के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।