जमशेदपुर के हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर भीषण हादसा: गैस के अधिक दबाव से फटी सीएनजी पाइप, एक कर्मचारी की मौत
जमशेदपुर गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोल पंप पर सीएनजी रिफ्यूलिंग के दौरान हुए भीषण हादसा हो गया। गैस के अत्यधिक दबाव के कारण अचानक सीएनजी पाइप फट गया, जिसकी चपेट में आने से एक 24 वर्षीय कर्मचारी तुषार खामरी की मौत हो गई। तुषार सोनारी का रहने वाला था और सिर्फ दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है, वहीं पेट्रोल पंप परिसर में दहशत का माहौल हैं।
जानकारी के अनुसार, तुषार हमेशा की तरह पेट्रोल पंप पर वाहनों में सीएनजी भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का दबाव अधिक हो जाने के कारण सीएनजी का पाइप धमाके के साथ फट गया। पाइप का भारी नोजल अत्यधिक तेज गति से उछला और सीधे तुषार के सिर के पिछले हिस्से में जा लगा। टक्कर इतनी भयानक थी कि तुषार दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद सीएनजी पंप सील
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और कंपनी के निर्देश पर हावड़ा ब्रिज स्थित सीएनजी पंप को सील कर दिया गया है। पेट्रोल पंप संचालक कमल जैन ने जानकारी दी कि सीएनजी गैस का मुख्य संचालन गेल इंडिया और बीपीसीएल द्वारा किया जाता है। पंप पर तीनों शिफ्टों में अलग-अलग प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात रहते हैं, जिनकी प्राथमिक जिम्मेदारी सुरक्षा मानकों की निगरानी करना होता है। संचालक के अनुसार, कंपनी के दिशा-निर्देशों के तहत फिलहाल सीएनजी सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सीएनजी से भरा हुआ ट्रक भी परिसर में खड़ा है और सुरक्षा के कारणों से आपूर्ति रोक दी गई है।
तकनीकी खामीयों की जांच कर रही सदस्यीय पेसो की टीम
पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन ने इस हादसे को बेहद गंभीरता से लिया है। पेसो की 15 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम जमशेदपुर पहुंचकर हावड़ा ब्रिज स्थित पंप पर तकनीकी खामियों की पड़ताल कर रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस केंद्र से सीएनजी की बिक्री पूरी तरह निलंबित रहेगी। पेसो की टीम पाइप की गुणवत्ता, नोजल, गैस का प्रेशर और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
घटना के बाद सीएनजी स्टेशनों पर दिखी सतर्कता
इस दुखद घटना के बाद शहर के अन्य सीएनजी स्टेशनों पर भी असर देखने को मिला। साकची गुरुद्वारा सीएनजी पंप पर कर्मचारी हेलमेट पहनकर और वाहन से सुरक्षित दूरी बनाकर सीएनजी भरते नजर आए। पंप पर अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा के लिए बालू की बाल्टियां रखी मिलीं। धतकीडीह सीएनजी पंप पर गैस की बिक्री जारी थी और फायर फाइटिंग उपकरण तो मौजूद थे, लेकिन हादसों से बचाव के लिए अनिवार्य बालू की बाल्टियां नहीं दिखीं।
समय पर की जाती है नियमित जांच
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रामप्रवेश ओझा ने बताया- शहर के सभी पुराने पेट्रोल पंपों के पास फायर विभाग की एनओसी उपलब्ध रहती है। अधिकांश संचालक अपने स्तर पर भी अग्निशमन उपकरण व्यवस्थित रखते हैं। इन सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समय-समय पर नियमित जांच की जाती है।











