देहरादून में दो किलोमीटर तक नाले में बही कार: दो लोगों की मौत, रेस्क्यू के दौरान एक युवती की बची जान
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद आए तेज बरसाती बहाव में एक हुंडई क्रेटा कार बह जाने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एसडीआरएफ की टीम ने एक युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर बचा लिया है। कार में कुल तीन लोग सवार थे। यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब 11:30 बजे लोअर कंडोली, पौंधा रोड पर स्थित कंडोली पुल के पास हुआ।
बरसाती नाले में एक क्रेटा गाड़ी बह गई। जिसमें तीन लोग सवार थे। वाहन में पानी भर जाने के कारण दो की मौत हो गयी। जबकि एक युवती को एसडीआरएफ की टीम ने बारिश के बीच रात में ही रेस्क्यू अभियान चलाकर बचा लिया। घटना देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र की है। जान गंवाने वाले युवक राजस्थान का बताये जा रहे हैं। जबकि युवती की पहचान नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि तीनों देहरादून घूमने आए थे। इसी दौरान बरसात के तेज बहाव में गाड़ी बह गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास क्रेटा वाहन RJ 13 CE 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। सूचना पर एसडीआरफ टीम डाकपत्थर मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान एक युवती सुरक्षित
वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थी। एसडीआरएफ की टीम द्वारा रात में विपरीत परिस्थितियों के बीच सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोनों शवों को किया गया पुलिस के हवाले
सर्चिंग के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान एवं एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस को सौंप दिया गया।











