असम में शिक्षक ने खत्म किया अपना पूरा परिवार: पत्नी समेत तीन बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा, पुलिस ने किया अरेस्ट
असम के गुवाहाटी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय फिरोज अली के रूप में हुई है। जो असम में जोनाई के एक स्कूल में अध्यापक है। पुलिस ने फिरोज अली को गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ के लिए उसे हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी हैं।
यह घटना सुबह जोनाई के तेलम बाजार इलाके में घटी, जब कथित तौर पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों सहित अपने परिवार के चार सदस्यों पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पीड़ितों की पहचान चिनुवारा बेगम (33), नीना अख्तर (13), सखिल अली (8) और रिजिका (5) के रूप में की गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी गामचुक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत है और उसे हर महीने 10,000 रुपये का वेतन मिलता हैं। एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को बताया कि फिरोज ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी है। लोगों ने उसे पकड़कर एक खंभे से बांध दिया। आरोपी ने अपने पूरे परिवार को मार डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिरोज अली को गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ के लिए उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
आरोपी ने बताया कि उसने आर्थिक तंगी के कारण अपने परिवार की हत्या की। पूछताछ में पुलिस को बताया कि मैं आर्थिक तंगी से जूझ रहा था क्योंकि मैं अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मात्र 10,000 रुपये कमाता था। इसलिए मैंने अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी।
हिरासत में आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फ़िरोज़ को उसकी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसने अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही हैं। आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया हैं।











