पंजाब के मैट्रेस फैक्ट्री में लगी भीषण आग: कई किलोमीटर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार, इलाके में मचा हड़कंप
पंजाब के जालंधर स्थित बस्ती बावा खेल इलाके में मोदी फार्म मैट्रेस की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
आग बुझाने की कोशिश करते रहे फायर कर्मी
फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही इसके सही कारणों का पता चल सकेगा।
नहीं हो पा रहा नुकसान का आकलन
वहीं, आग की वजह से फैक्ट्री में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं हो पाया है। दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं। घटना में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।











