मुंबई में सिग्नल पर कार का कहर: ब्रेक की जगह दबा एक्सीलेटर, हादसे में एक महिला की मौत

मलाड वेस्ट में तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। ममलातदारवाड़ी-एसवी रोड जंक्शन पर हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं, छह लोग घायल हुए हैं। हादसे में कार ने एक मोटरसाइकिल और तीन ऑटो-रिक्शा को चपेट में लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सिग्नल पर खड़े वाहनों से टकराती नजर आ रही है।

हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान प्रियंका सत्रा के रूप में हुई है। वह लॉ ग्रेजुएट थीं और शादीशुदा थीं। उनके दो बच्चे हैं। हादसे के वक्त प्रियंका अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थीं। वह पति के पीछे बैठी थीं, तभी बेकाबू कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े। प्रियंका को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पति को फ्रैक्चर और पीठ में चोट आई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चपेट में आए तीन ऑटो

पुलिस के मुताबिक, कार ने बाइक के अलावा सिग्नल पर खड़े तीन ऑटो-रिक्शा को भी टक्कर मारी। हादसे में ऑटो चालकों और यात्रियों समेत छह लोग घायल हुए। सीसीटीवी फुटेज में हादसे के दौरान व्यस्त चौराहे पर वाहनों की टक्कर के बाद अफरातफरी का माहौल दिखाई देता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने कार चालक को किया अरेस्ट

पुलिस ने कार चालक कृष्णा चमनकर को अरेस्ट किया। पूछताछ में चालक ने दावा किया कि वह मलाड सबवे से एसवी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे कार बेकाबू होकर सिग्नल पर खड़े वाहनों से जा भिड़ी। मेडिकल जांच में उसके खून में शराब नहीं मिली। चालक को पहले मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उसे 15 हजार रुपये के कैश बॉन्ड पर जमानत दे दी गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।