हिमाचल में जूनियर छात्र से की रैगिंग: हॉस्टल के कमरे से जबरन बाहर खींचा, 5 सीनियर छात्र हुए सस्पेंड
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई पब्लिक स्कूल में जूनियर छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट के मामले में पांच सीनियर छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और 11वीं-12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। पीड़ित छात्र भी पंजाब का निवासी है। डगशाई पुलिस ने छात्र तलविंदर मानेश और अन्य की शिकायत पर केस दर्ज किया। पुलिस मंगलवार को स्कूल पहुंचकर पांचों छात्रों से पूछताछ करेगी।
पुलिस के अनुसार पांच सितंबर को पांच सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के छात्र को उसके हॉस्टल के कमरे से जबरन बाहर खींचा और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक छात्र जूनियर को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। वीडियो में गाली-गलौज की आवाज भी सुनाई दे रही है। पुलिस आरोपी छात्रों के साथ हॉस्टल वार्डन से भी पूछताछ करेगी। स्कूल प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीनियर छात्र करीब चार महीने से जूनियर विद्यार्थियों को डराने-धमकाने, रैगिंग करने और उनके साथ मारपीट कर रहे थे। अभद्र भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप है। इसके अलावा आरोपियों पर हथियार रखने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में डर का माहौल है। कुछ अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
स्कूल प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा ने बताया कि रैगिंग की शिकायत मिलते ही अगले दिन पांचों छात्रों को निलंबित कर दिया गया था और मामले की जांच शुरू कराई गई। आरोपी छात्रों के अभिभावकों को भी सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब मामले में छात्रों और हॉस्टल वार्डन के बयान दर्ज कर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।











