तेलंगाना विधानसभा में बेहोश होकर गिरे अधिकारी: मंत्री ने दिया सीपीआर, कार्डियक अरेस्ट से गई जान
तेलंगाना विधानसभा में मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। एक अधिकारी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पशुपालन मंत्री वकिटी श्रीहरि ने तत्काल उन्हें सीपीआर दिया। मेडिकल स्टाफ को बुलाकर अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है। वह प्रधान सचिव नवीन मित्तल के निजी सहायक के तौर पर कार्यरत थे।
अधिकारी के अचानक गिरने के बाद विधानसभा परिसर में मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। मंत्री ने प्राथमिक तौर पर सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसके बाद मेडिकल स्टाफ की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक राजू को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। मेडिकल सेंटर पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।











