जम्मू-कश्मीर के सीएम ने गाया पूरा वंदे मातरम: कांग्रेस ने जताई कड़ी आपत्ति, भाजपा बोली- यह है नई मुस्लिम लीग

श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की मौजूदगी में पूरा वंदे मातरम गाए जाने को लेकर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस आमने-सामने आ गई हैं। कार्यक्रम में नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे। कांग्रेस ने पूरे गीत के गायन पर आपत्ति जताते हुए अपने सहयोगी दल से पार्टी के तय रुख पर कायम रहने की अपील की। इसके बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस ने साफ किया कि गठबंधन सहयोगी होने के बावजूद कांग्रेस किसी पर अपनी शर्तें नहीं थोप सकती। भाजपा ने इस विवाद को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘मुस्लिम लीग’ की राजनीति करने वाली पार्टी बताया।

विवाद जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान शुरू हुआ। यहां राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाया गया। इसके बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कार्यक्रम का वीडियो साझा किया। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस से अपील की कि वह कांग्रेस के साथ खड़ी रहे और वंदे मातरम के केवल दो पैरा गाए जाने के अपने रुख पर कायम रहे।

नेशनल कॉन्फ्रेंस बोली- यह लोगों की पसंद का मामला

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता बशीर अहमद ने कहा कि गठबंधन में शामिल होने के बावजूद कांग्रेस यह तय नहीं कर सकती कि वंदे मातरम गाया जाए या उसका कितना हिस्सा गाया जाए। उन्होंने कहा कि वेणुगोपाल को अपनी बात रखने और ट्वीट करने का अधिकार है, लेकिन वह अपना फैसला किसी पर थोप नहीं सकते। यह लोगों की पसंद का विषय है और उनकी पार्टी किसी पर कुछ थोपने के खिलाफ है।

कांग्रेस ने दो पैरा गाने का किया था फैसला

वेणुगोपाल ने कहा कि वंदे मातरम का वही संस्करण गाया जाना चाहिए, जिसे उस समय अपनाया गया था। उनके मुताबिक इसे जानबूझकर चुना गया था, ताकि गीत को सांप्रदायिक रंग देने से बचाया जा सके। कांग्रेस कार्यसमिति ने फैसला किया था कि पार्टी के सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के छह में से शुरुआती दो पैरा ही गाए जाएंगे। यह निर्णय 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में गीत के गायन को लेकर हुए विवाद के बाद लिया गया था। भाजपा के आरोप थे कि कांग्रेस नेता पार्टी कार्यक्रमों में पूरा संस्करण नहीं गाकर वंदे मातरम का अपमान कर रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।