महाराष्ट्र में ट्रक और बोलेरो की भीषण टक्कर: हादसे में आठ लोगों की मौत, रायपुर से जा रहे थे नागपुर
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें तीन बच्चों समेत आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब चार बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुआ।
सभी पीड़ित छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बोलेरो गाड़ी में सवार होकर नागपुर की तरफ जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बोलेरो को ट्रक के नीचे से निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों और क्रेन की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे में जान गंवाने वालों में पांच वयस्क और तीन बच्चे शामिल हैं। दुर्घटना में घायल हुए तीन अन्य लोगों को तुरंत इलाज के लिए साकोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। भंडारा के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने दुर्घटना और मौतों की पुष्टि की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।











