गुरुग्राम में कार सवार युवकों ने महिला की बाइक को मारी टक्कर: राइड शुरू होते ही पीछा करने का आरोप, नशे में धुत्त थे आरोपी
हरियाणा के गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक सवार महिला को कार से टक्कर मारकर भागने का मामला सामने आया है। अप्रिलिया आरएस 457 पर सवार सिया अपने बाइकिंग समूह के साथ जा रही थीं। इसी दौरान एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और मोटरसाइकिल कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
सिया ने बताया कि राइड शुरू होने के कुछ समय बाद से ही कार सवार लोग उनकी बाइक का पीछा कर रहे थे। उनके अनुसार, कार में बैठे लोग लगातार आक्रामक रवैया अपना रहे थे और बाइक के काफी करीब आने की कोशिश कर रहे थे। सिया का आरोप है कि कार उनके पास आई तो उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन जवाब में उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा गया। सिया के मुताबिक, कार में सवार लोग नशे में प्रतीत हो रहे थे।
आगे निकलकर बाइक में मारी टक्कर
सिया के अनुसार, कुछ देर बाद कार आगे निकल गई और फिर उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। पूरी घटना उनकी मोटरसाइकिल पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सिया ने हादसे का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने कार की पहचान से जुड़ी जानकारी भी पोस्ट की। उनके मुताबिक, कार का नंबर एचआर30वाई4949 है और पंजीकरण मालिक का नाम मनीष बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो से पुलिस ने शुरू की जांच
गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया। लोगों ने दिल्ली पुलिस, गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा पुलिस को टैग कर मामले की जांच की अपील भी की।











