गुरुग्राम में लेडी बाइकर को टक्कर मारने वाला अरेस्ट: राजस्थान से दबोचा गया आरोपी, पुलिस शिकंजे में दो साथी
गुरुग्राम में लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है। इससे पहले सेक्टर-56 थाने में लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, कल्याण के दो साथी निंदर और प्रमोद भी हिरासत में हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसा 13 सितंबर को हुआ था। निंदर उसी दिन कल्याण को पलवल से लेकर आया था। वहीं प्रमोद पर आरोप है कि उसने घटना के बाद कल्याण को गांव से फरार कराने में मदद की। पुलिस इन दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के बाद सिया ने बाइक में लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसके आधार पर मामले ने तूल पकड़ा।
सिया ने लगाया पीछा कर टक्कर मारने का आरोप
सिया ने इंस्टाग्राम पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वह 13 सितंबर को बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर अप्रिलिया आरएस 457 से राइड कर रही थीं। उनके मुताबिक, कार सवार युवक बार-बार बाइक के पास आ रहे थे और इशारे कर बाइक रोकने के लिए कह रहे थे। सिया ने आरोप लगाया कि युवक नशे में लग रहे थे, इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद कार सवारों ने ओवरटेक कर बाइक में साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद वे रास्ता बदलकर फरार हो गए।
कल्याण ने जानबूझकर टक्कर से किया इनकार
कल्याण बैसला ने आरोपों से अलग पक्ष रखा। उसका कहना है कि कार में उसके अलावा उसकी दीदी, बुआ का बेटा और मौसी का बेटा मौजूद थे। करीब 20-22 बाइक सवार तेज रफ्तार से निकले थे। कल्याण के मुताबिक, उन्हें यह पता नहीं था कि बाइक युवती चला रही है। उसने केवल बाइक धीमी चलाने के लिए कहा था। उसका दावा है कि यू-टर्न के पास युवती बिना शीशे में देखे मुड़ी, जिससे कार का नियंत्रण बिगड़ गया और टक्कर हो गई। उसने गलती मानी, लेकिन बाइक सवारों की गाली-गलौज के डर से मौके पर नहीं रुका। रेड लाइट पर उसने बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके भाई ने वहां रुकने से मना कर दिया।
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
सिया के पिता रोशन चौहान ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तेजी से संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। उनका कहना है कि शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया गया और पुलिस ने मामले में अच्छी कार्रवाई की है। वहीं पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।











