जम्मू कश्मीर में युवक ने की दोस्त की हत्या: चेहरे पर केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, बर्थडे बॉय के साथ भाई भी गिरफ्तार
जम्मू के जानीपुर इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान चेहरे पर केक लगाने के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बर्थडे बॉय और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना रात करीब नौ बजे जम्मू के जानीपुर थाना क्षेत्र के लोअर रूपनगर में सड़क किनारे हुई। आरोपी युवक का नाम नीरज निवासी दोमाना, जम्मू है। वहीं, मृतक की पहचान पवन कुमार निवासी सांबा, जम्मू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि चार दोस्त और नीरज का भाई कार में सवार होकर जन्मदिन मनाने निकले थे। केक काटने के दौरान पवन ने मजाक में नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। इस बात से नाराज होकर नीरज की पवन के साथ बहस शुरू हो गई। बाकी दोस्तों ने जब दोनों को शांत कराने की कोशिश की, तो नीरज का गुस्सा और बढ़ गया। उसने अपने पास रखी तेजधार खोखड़ी निकाली और पवन की गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। दोस्तों ने तुरंत पवन को लहूलुहान हालत में जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज जीएमसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
घटना के बाद जानीपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज उर्फ अंशु और उसके भाई रिशु को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











