पाकिस्तान के इशारे पर रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश: 30 हजार में हुआ सौदा, पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच में पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए ब्लास्ट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थे और उसी के इशारे पर रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ाने की साजिश रची थी। पुलिस को आशंका है कि इस साजिश का मकसद ट्रेन को निशाना बनाना था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21 वर्ष) निवासी दोस्तपुर और देवेंद्र सिंह (23 वर्ष) निवासी चौड़ा कलां, गुरदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और विस्फोट की साजिश के लिए पाकिस्तानी एजेंट की ओर से दिए गए 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थी महिला
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के मुताबिक, महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में थी। वह शाह नाम के एक एजेंट से जुड़ी हुई थी। इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराने के लिए उसे 30 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद महकदीप ने देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर श्रीगंगानगर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया गया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से विस्फोटक का पैकेट मिला था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक किसने उपलब्ध कराया और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
तीन बार पहुंचे थे श्रीगंगानगर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर का दौरा किया था। पहली बार छह अक्टूबर को दोनों वहां पहुंचे और कई स्थानों की रेकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोबारा श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन उसमें धमाका नहीं हुआ।
दो बार नाकाम रहने के बाद दोनों तीन नवंबर को फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस बार 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने में सफल रहे। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे और आरोपियों को विस्फोटक मुहैया कराने वाले नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हैं।
केंद्रीय एजेंसी के इनपुट पर पंजाब में दबिश
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंचीं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद गुरदासपुर में कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीमें शामिल रहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साजिश के पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आएगी।
धमाके से पटरी के बीच बना था तीन फीट गहरा गड्ढा
तीन नवंबर की रात करीब पौने दस बजे रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाके से पटरियों के बीच करीब दो से तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया था। इसके अलावा दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और आसपास के कई स्लीपर के लॉक टूट गए थे।
बताया गया कि विस्फोट से कुछ समय पहले ही इस रेलवे ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दो दिन बंद रहा रेल यातायात, पांच नवंबर को बहाल हुई सेवाएं
विस्फोट के बाद सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी थी। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रैक की मरम्मत और जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद पांच नवंबर को रेल सेवाएं बहाल कर दी गई थीं।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने रामसिंहपुर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।