पालघर में 14 मंजिला इमारत में लगी आग: दो महिलाओं की मौत, छह झुलसे
महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार की रात एक 14 मंजिला इमारत में आग लग गई। धुएं के कारण दम घुटने से दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं हादसे में छह अन्य लोग झुलस गए हैं। हादसा नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में हुआ। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) के दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, आग लगने की सूचना मंगलवार की रात करीब 12:10 बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैल रही थी और इमारत में धुआं भरने के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।
हादसे में 25 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है। दोनों महिलाओं की मौत भारी धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी दी है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। इस हादसे में छह अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। आग और घने धुएं से बचने के लिए इमारत में रहने वाले चार लोग बाहर की ओर बने एक छोटे से हिस्से पर चले गए। वे वहां करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। नीचे आग और धुएं के कारण उनके लिए सुरक्षित तरीके से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने बड़ी क्रेन की मदद से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दमकलकर्मियों ने इमारत में फंसे अन्य लोगों को भी निकालने का प्रयास किया। कुल 25 लोगों को सुरक्षित बचाया गया।
दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की सात गाड़ियों को लगाया गया था। दमकलकर्मियों ने पूरी रात आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को बचाने का अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब 7:20 बजे आग पर काबू पा लिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। पूर्व महापौर रूपेश जाधव ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया। आग पर काबू पाने के बाद इमारत में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इस प्रक्रिया के तहत प्रभावित हिस्सों को ठंडा किया जाता है, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को कम किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सही वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

