30 नवंबर से संसद की ​विशेष बैठक: परिसीमन विधेयकों को पारित कराने की संभावना, 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए किया गया था स्थगित

परिसीमन विधेयकों  को पारित कराने की संभावना, 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए किया गया था स्थगित
सेव सूची

सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की संभावनाओं के बीच मानसून सत्र के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से फिर बुलाने का फैसला किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। बाद में लोकसभा सचिवालय ने कहा कि अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण सोमवार, 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगा। साथ ही सरकारी कार्य की आवश्यकताओं के अधीन सत्र का समापन गुरुवार, तीन दिसंबर 2026 को होने की संभावना है।

संसद के मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, इसके बाद सत्रावसान नहीं हुआ था। कांग्रेस ने सरकार द्वारा दोनों सदनों की बैठक बुलाने के कदम को संविधान का अपमान करार दिया और आरोप लगाया कि 'ऑपरेशन लोटस' के 105 दिन बाद संसद की विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया गया है। रीजीजू ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।

महिलाओं को न्याय दिलाने से कोई ताकत रोक नहीं सकती

सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को फिर से संसद में लाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाने के लिए गुरुवार को विपक्ष के एक दल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को आंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था, लेकिन 17 अप्रैल की रात संसद में इन विधेयकों को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

रमेश ने तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना में कुछ सप्ताह पहले हुई बगावत का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए आरोप लगाया कि अब संविधान दिवस पर, 'ऑपरेशन लोटस' के 105 दिन बाद सरकार ने संसद की विशेष बैठक बुलाने की घोषणा की है। सरकार को उम्मीद है कि वह संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत का इंतजाम कर लेगी। उन्होंने इसे संविधान का अपमान और उस पर हमला करार दिया।

33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना परिसीमन का उद्देश्य

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का उद्देश्य लोकसभा की मौजूदा 543 सीट की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और 2029 के आम चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। हालांकि, विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के सामने संख्या बल की चुनौती है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होगी। 540 सदस्यों वाले मौजूदा सदन में यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं तो इसके लिए 360 मतों की जरूरत होगी। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास करीब 320 सदस्य हैं। ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए उसे अन्य दलों के समर्थन की जरूरत होगी।

राजनीतिक समीकरणों में आया बदलाव

इस साल अप्रैल में लोकसभा में विधेयक पारित नहीं हो पाने के बाद राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आया है। विपक्षी खेमे के 26 सांसद उससे अलग हो गए हैं। इनमें तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसद शामिल हैं, जिन्होंने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में विलय किया है और राजग को समर्थन देने का फैसला किया है। वहीं, शिवसेना के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। सरकार को विपक्षी दलों में द्रमुक और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी जैसे कुछ दलों भी समर्थन की उम्मीद है। राकांपा की नेता सुप्रिया सुले ने सोमवार को मांग की थी कि परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण कानून लागू किया जाए।

एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी मुखर

इस बीच, विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुखर हैं। ऐसे में संसद की आगामी बैठक के दौरान हंगामे के आसार हैं। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पिछले दिनों भरोसा जताया था कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा। हालांकि, सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा था कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने पर ही संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव होगा।

50 प्रतिशत तक लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर विचार

सूत्रों के अनुसार, सरकार एक ऐसे विकल्प पर भी विचार कर रही है, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है। इसका उद्देश्य परिसीमन के संभावित प्रभाव को लेकर जताई जा रही चिंताओं, विशेषकर दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को दूर करना है। प्रस्तावित विकल्प के तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। गौरतलब है कि 17 अप्रैल को लोकसभा में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन नहीं मिल पाया था।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।