पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता: व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा, 23 तक भारत की यात्रा पर हैं पोलैंड के पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
पीएम मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। टस्क बुधवार को पीएम मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और एक बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मिलकर खुशी हुई। भारत-पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर उनके विचारों की सराहना की।
आर्थिक संबंधों को देगा विस्तार
भारत में पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के मुताबिक, दोनों देश सालाना द्विपक्षीय व्यापार को करीब 6 अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक ले जाना चाहते हैं। उन्होंने रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक को सहयोग का प्रमुख क्षेत्र बताया। उनके अनुसार, भारत और यूरोपीय संघ के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता (FTA) आर्थिक संबंधों को विस्तार देने में मददगार होगा।
23 को बेंगलुरु जायेंगे टस्क
अपनी यात्रा के दौरान टस्क नई दिल्ली में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु जाएंगे, जहां वे भारत के सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र के दिग्गजों से मुलाकात करेंगे। वार्ता में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए जाएंगे।बता दें कि भारत और पोलैंड ने अगस्त 2024 में पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। टस्क का यह दौरा 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है, जिससे दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

