सेशेल्स में पीएम मोदी का भव्य स्वागत: 194 साल के 'जोनाथन' कछुए से की मुलाकात, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर करेंगे चर्चा

1 घंटा पहले
194 साल के 'जोनाथन' कछुए से की मुलाकात, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर करेंगे चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे। जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जीव माने जाने वाले 194 वर्षीय 'जोनाथन' कछुए से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और भारत-सेशेल्स साझेदारी को नई मजबूती देने का भरोसा जताया।

सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने सेशेल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन पहुंचे। जहां उन्होंने नारियल पानी पिया और एक पौधा भी लगाया। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने 'जोनाथन' नाम के कछुए से मुलाकात की। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जानवर माना है। माना जाता है कि उसका जन्म वर्ष 1832 में हुआ था। उसकी वर्तमान उम्र करीब 194 वर्ष है।

राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर आयोजित परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, द्विपक्षीय सहयोग तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।

भारत-सेशेल्स संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और 'विजन महासागर' का प्रमुख साझेदार है। इस वर्ष दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जो आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और गहरे जनसंपर्क पर आधारित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को और मजबूत करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि वह सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।