जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन रवाना: पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, 5 से 25 रुपये के बीच किराया निर्धारित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ट्रेन संचालन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, राज्यपाल असीम घोष और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

10 कोच वाली यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मार्ग में कुल 14 स्टेशन होंगे और ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। यह सफर लगभग दो घंटे में पूरा करेगी। यात्रियों के लिए किराया 5 से 25 रुपये के बीच निर्धारित किया गया है।

जनसभा में कई परियोजनाओं की दी सौगात

हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेजों सहित कुल नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सरकार का मानना है कि हाइड्रोजन तकनीक आधारित यह पहल स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक रेल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

देश की पहली सीएनजी ट्रेन भी हरियाणा से हुई थी शुरू

देश की पहली सीएनजी आधारित ट्रेन 13 जनवरी 2015 को हरियाणा के रेवाड़ी और रोहतक के बीच शुरू की गई थी। तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ड्यूल फ्यूल डेमू ट्रेन थी। इसे डीजल और सीएनजी दोनों ईंधनों पर चलाने के लिए तैयार किया गया था। हालांकि, वर्तमान में यह ट्रेन सीएनजी के बजाय केवल डीजल पर संचालित की जा रही है।

अपडेट्स

17 जुलाई 2026

हाइड्रोजन ट्रेन को बताया तकनीकी उपलब्धि

प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच शुरू की गई हाइड्रोजन ट्रेन फिलहाल लगभग 90 किलोमीटर के मार्ग पर चलेगी, लेकिन भविष्य में इसके विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस तकनीक को और किफायती तथा अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार शोध जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दुनिया के केवल कुछ ही देशों के पास हाइड्रोजन ट्रेन संचालन की क्षमता है और वहां भी यह तकनीक शुरुआती चरण में है। उनके अनुसार, भारत की यह हाइड्रोजन ट्रेन 3200 हॉर्सपावर क्षमता वाली दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है। इसे भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया है और देश की ही कंपनी ने तैयार किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जींद में बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा और नए उद्योगों के आने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

स्वच्छता अभियान की सराहना की

प्रधानमंत्री ने बताया कि हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें रेलवे, हाईवे, विरासत संरक्षण और दो नए मेडिकल कॉलेजों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने जींद के लोगों की स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से वह सोशल मीडिया पर यहां चल रहे सफाई अभियान की तस्वीरें और वीडियो देख रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों ने मजाक में उनसे बार-बार जींद आने की बात कही। लेकिन वास्तविक बदलाव तभी आएगा जब स्वच्छता को जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सफाई को अपनी नियमित जिम्मेदारी बनाने की अपील भी की।

17 जुलाई 2026

रेलवे बिजलीकरण से डीजल पर निर्भरता घटी

प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि होर्मुज स्ट्रेट में युद्ध जैसी स्थिति बनती है तो भारत पर उसका असर पड़ सकता है। क्योंकि इसी समुद्री मार्ग से पेट्रोल, डीजल और खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश का अधिकांश रेलवे नेटवर्क डीजल इंजनों पर निर्भर था, जिससे ईंधन संकट की स्थिति में रेल संचालन प्रभावित हो सकता था। उन्होंने बताया कि वर्ष 1925 से 2014 तक करीब 90 वर्षों में रेलवे नेटवर्क का केवल 30 प्रतिशत ही बिजलीकृत हो पाया था, जबकि पिछले 12 वर्षों में लगभग 99 प्रतिशत रेल नेटवर्क का बिजलीकरण पूरा कर लिया गया है। इससे रेलवे की डीजल पर निर्भरता काफी कम हुई है और विपरीत परिस्थितियों में भी रेल सेवाएं सुचारु बनी हुई हैं।

17 जुलाई 2026

खेल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हाल ही में इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा से लौटे हैं, जहां कई अहम समझौते हुए। उन्होंने बताया कि तीनों देशों के साथ खेल उद्योग, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेलों से जुड़े अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है। उनके अनुसार, इस साझेदारी का सबसे अधिक लाभ हरियाणा के खिलाड़ियों और युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नई राष्ट्रीय खेल नीति, खेलो इंडिया अभियान और ओलंपिक की तैयारियों के तहत खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग दे रही है, जबकि हरियाणा सरकार भी खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।