पीएम मोदी का राजस्थान दौरा: जोधपुर-पचपदरा को दी विकास की सौगात, एयरपोर्ट टर्मिनल, उड़ान-2.0 शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन कर नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई सौगात दी। इसके साथ ही उन्होंने 'उड़ान-2.0' की शुरुआत की और योजना का प्रस्तुतीकरण भी देखा। इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा के लिए रवाना हुए। जहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन किया। इसी कार्यक्रम के दौरान जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी वर्चुअल माध्यम से रखी गई। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट के नवनिर्मित टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और उसकी सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें 'उड़ान-2.0' योजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा रवाना हुए। जहां उन्होंने रिफाइनरी परियोजना का निरीक्षण किया और जनसभा को संबोधित किया। रिफाइनरी परिसर में आयोजित सभा के लिए लगभग पांच हजार लोगों की क्षमता वाला विशेष डोम तैयार किया गया था।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ आयोजन
रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। लोगों को केवल गेट नंबर-7 से प्रवेश दिया गया और वैध पास के बिना किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। सुरक्षा कारणों से पानी की बोतल तक ले जाने पर रोक रही। आगंतुकों के लिए गेट के सामने ही पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रहीं।
आग की घटना के बाद टला था उद्घाटन
पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन इससे पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन 20 अप्रैल को क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (वीडीयू) में आग लगने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री ने परियोजना का उद्घाटन किया।
रोजगार और राजस्व बढ़ने की उम्मीद
राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा कि यह रिफाइनरी प्रदेश और देश दोनों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुसार परियोजना से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में राजस्थान को करीब नौ हजार करोड़ रुपये और देश को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है। मंत्री ने इसे पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र भविष्य में ऊर्जा और खनिज संसाधनों के कारण नई पहचान बनाएगा। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी कहा कि प्रधानमंत्री राजस्थान को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति देंगी और यह सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









