पुलिस से मारपीट में राहुल-प्रियंका पर फिर एफआईआर: मुख्य चुनाव आयुक्त को खतरा, बढ़ाई गई सुरक्षा

एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को तीसरे दिन भी विपक्ष दिल्ली में प्रदर्शन करेगा। इस बीच राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की गई है। राहुल और प्रियंका गांधी पर अब तक तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने यह कदम खतरे से जुड़े इनपुट मिलने के बाद उठाया है। हालांकि मुख्य चुनाव आयुक्त को पहले से ही Z-प्लस सुरक्षा मिली है।
वहीं राहुल गांधी ने कहा था कि मैं FIR से नहीं डरता हूं। मेरे खिलाफ अब तक 45 FIR हो चुकी हैं। मैं चाहता हूं कि मेरे ऊपर 100 एफआईआर दर्ज हों। उन्होंने कहा कि हर एफआईआर मेरे लिए एक मेडल है।
दिल्ली पुलिस को मिले 23 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच कानून व्यवस्था संभालने के लिए भारी मात्रा में केंद्रीय बलों की तैनाती की जा रही है। गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली पुलिस के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 221 कंपनियां, यानी करीब 23,000 जवान, उपलब्ध कराए हैं। इनमें CRPF की कंपनियों को जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्थानीय जिला पुलिस को भी अपने स्तर पर सुरक्षा बल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। नई दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की यह व्यवस्था ऐसे समय में की गई है, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
बिहार में बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी
पटना। पटना में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिहार विधानसभा के सामने सचिवालय थाने पर महागठबंधन ने प्रदर्शन किया। इस दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बैरिकेड पर चढ़ गए। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग इस तस्वीर की तुलना राहुल गांधी से कर रहे हैं। क्योंकि इस तरह की तस्वीर दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अक्सर सामने आती रहती है। तेजस्वी यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
बतादें कि बिहार विधानसभा के सामने सचिवालय थाना है। गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे लोगों महागठबंधन के नेताओं की भीड़ जुटने लगी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखा था। इसी बीच बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी भी पहुंच गए नेताओं ने जब उनको आगे किया तो वह बैरिकेड पर ही चढ़ गए। इसी तरह दिल्ली में भी प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी चढ़ गए थे। महागठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान राजधानी पटना में कई विधायकों और पूर्व विधायकों का भी अलग-अलग अंदाज देखने को मिला। एक वामपंथी पूर्व विधायक तो मीडिया के कैमरे के सामने काफी समय तक बेसुध पड़े रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

