राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओडिशा दौरा: होम्योपैथी संस्थान में छात्रों और शिक्षको किया संबोधित, कहा-देखभाल का आधार बनी रहे करुणा चिकित्सा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के सबसे पुराने होम्योपैथी संस्थान में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी भले ही स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में बदलाव ले आए लेकिन करुणा चिकित्सा देखभाल का आधार बनी रहेगी। डॉ. अभिन्न चंद्र होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित राष्ट्रीय होम्योपैथी वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल हुईं राष्ट्रपति ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा की प्रत्येक पद्धति को उच्चतम स्तर की वैज्ञानिक जांच से गुजरना होगा। कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी , होम्योपैथी कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के अलावा देशभर से आए अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
राष्ट्रपति ने कहा, हमें यह याद रखना चाहिए कि प्रौद्योगिकी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को बदल सकती है, लेकिन इसका आधार करुणा ही बनी रहनी चाहिए। उन्होंने संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य पेशेवरों से सुलभ, समानता पर आधारित, वैज्ञानिक रूप से जिम्मेदार और उत्तरदायी स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी भारत की विविध चिकित्सा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मैं शोध संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पेशेवर संगठनों से एक मजबूत शोध संस्कृति विकसित करने में सहयोग करने का आग्रह करती हूं।
कोई भी निर्णय मरीजो की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए
राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सा से जुड़ा कोई भी निर्णय मरीजों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए क्योंकि इसका अंतिम उद्देश्य मरीजों की पीड़ा कम करना और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है। मरीज का इलाज करते समय चिकित्सकों को यह समझना चाहिए कि उनके सामने एक ऐसा इंसान है जिसकी अपनी उम्मीदें, भय और गरिमा है। चिकित्सा पेशे में अकादमिक योग्यता से कहीं अधिक की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए बौद्धिक अनुशासन, वैज्ञानिक सोच, नैतिक निष्ठा और संवेदनशीलता जरूरी है।
प्रश्न पूछने की आदत और सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए
होम्योपैथी पेशेवरों के लिए कुछ मार्गदर्शक सिद्धांतों का सुझाव देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें प्रश्न पूछने की आदत विकसित करनी चाहिए और सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए। किसी संस्थान को केवल उसके बुनियादी ढांचे या वर्षों के अस्तित्व के लिए नहीं जाना जाता बल्कि उसके द्वारा तैयार किए गए पेशेवरों, दिए गए ज्ञान और समाज के प्रति की गई सेवा से उसकी पहचान बनती है। होम्योपैथी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में संस्थान के योगदान का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उत्कृष्ट मेडिकल कॉलेज के रूप में इसकी प्रतिष्ठा इसके शिक्षकों, चिकित्सकों, प्रशासकों और विद्यार्थियों के समर्पण को दर्शाती है। देश ने चिकित्सा की इस पद्धति के विकास और विस्तार में मदद के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार किया है। होम्योपैथी भारत की विविध स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश की बड़ी आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, इसलिए होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को उन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें गांवों में रहने वाले लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए क्योंकि उन्हें शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच नहीं है।
होम्योपैथी को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार होम्योपैथी को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ओडिशा में चार सरकारी होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज हैं और नुआपाड़ा तथा नयागढ़ में ऐसे दो और संस्थान स्थापित किए जाएंगे। ढेंकनाल और बेरहामपुर में 50 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष अस्पतालों का निर्माण पूरा हो चुका है और वहां जल्द सेवाएं शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि बालासोर में एक अन्य 50 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष अस्पताल का निर्माण जारी है। माझी ने कहा कि आयुर्वेदिक और होम्योपैथी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने सरकारी आयुर्वेदिक और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और हाउस सर्जन के वजीफे में वृद्धि की है। माझी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत विभिन्न पहलों सफलतापूर्वक लागू करने के लिए, आयुर्वेदिक और होम्योपैथी उपचार प्रदान करने उद्देश्य से 422 ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ का उन्नयन किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति का बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी लौटने का कार्यक्रम है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।