झारखंड की विरासत और संभावनाओं को राष्ट्रपति-पीएम ने सराहा: स्थापना दिवस पर दी बधाई, 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग हुआ था यह राज्य

सेव सूची

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक संपदा की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यहां के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग झारखंड को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

राष्ट्रपति ने क्या कहा?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों की भूमि झारखंड की अपनी विशिष्ट पहचान है। इसकी पहचान समृद्ध आदिवासी संस्कृति, जीवंत लोक परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा में निहित है। उन्होंने कामना की कि राज्य के निवासी अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करें।

राष्ट्रपति ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस देश की समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने सभी से इस अमूल्य विरासत को संरक्षित रखते हुए समावेशी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के घने जंगल, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल इसकी पहचान को खास बनाते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाएं यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरणा देती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोगों के संकल्प और सामर्थ्य से राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। गौरतलब है कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग करके किया गया था। इसी दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई जाती है, जिसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।