पंजाब में बड़ा रेल हादसा टला: कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़

पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में अचानक भीषण आग लग गई। चलती ट्रेन में आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख यात्रियों में हड़कंप और चीख-पुकार मच गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

यह घटना राजपुरा के नजदीकी क्षेत्र सराय बंजारा के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे हुई। ट्रेन जब ट्रैक पर दौड़ रही थी, तभी उसके इंजन से पांचवें डिब्बे की तरफ से अचानक गहरा काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने ट्रेन के चार जनरल कोचों को अपनी चपेट में ले लिया।

सामान छोड़ भागे लोग

डिब्बों के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्रियों ने चलती ट्रेन से ही नीचे उतरने का प्रयास किया और आनन-फानन में अपना सामान छोड़कर बाहर की तरफ भागे। घटना की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तुरंत राजपुरा रेलवे स्टेशन के पास रोका गया।

सभी यात्रियों को सुर​क्षित ​बाहर निकाला गया

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेलवे कर्मचारियों और रेस्क्यू टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

शुरुआती जांच और रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कोच के एक पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग एक डिब्बे से शुरू होकर तेजी से बाकी तीन डिब्बों में फैल गई। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल प्रभावित बोगियों को अलग कर रूट को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।