पुष्कर मेले में एक करोड़ की घोड़ी का जलवा: कैबिनेट मंत्री ने बजाया नगाड़ा, ढोल की थाप पर बिदका भैंसा

सेव सूची

राजस्थान के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का मंगलवार को रंगारंग आगाज हो गया। मेला मैदान में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण कर मेले की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान मंत्री ने खुद नगाड़ा बजाकर उत्सव का रंग जमाया। नगाड़ों की गूंज, घोड़ों की टाप, पशुओं की नुमाइश और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों के बीच मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। वहीं, पशु मेले में एक करोड़ रुपये कीमत की दो महीने की गर्भवती घोड़ी 'नगीना' लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

मेले की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की पार्टी की विशेष प्रस्तुति से हुई। नगाड़ों की थाप के बीच मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भी नगाड़ा बजाया। इस दौरान मेला मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। हालांकि, मेले के शुरुआती दिन एक घटना ने भी लोगों का ध्यान खींचा। ढोल की थाप पर घोड़ों को नचाने के दौरान एक भैंसा अचानक बिदक गया और उसने दो घोड़ों पर हमला कर दिया।

ढोल की आवाज सुन बिदका भैंसा, दो घोड़ों को गिराया

पुष्कर मेला मैदान में नुमाइश के लिए लाए गए एक भैंसे को ढोल की तेज आवाज से गुस्सा आ गया। वह अचानक घोड़ों के टेंट की ओर दौड़ पड़ा। भैंसे ने दो घोड़ों पर हमला कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पास खड़ी एक जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। काफी मशक्कत के बाद भैंसे के मालिक ने उसे काबू में किया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई।

एक करोड़ की घोड़ी 'नगीना' पर टिकी सबकी नजर

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में इस बार एक करोड़ रुपये कीमत की घोड़ी 'नगीना' खास चर्चा में है। दिलबाग लाइन की बेटी नगीना मिल्क टीथ श्रेणी में ऑल इंडिया चैंपियन रह चुकी है। इसकी खूबसूरती और शाही अंदाज पहले भी लोगों का ध्यान खींच चुका है। पिछले साल भी नगीना सोशल मीडिया पर छाई रही थी। इस बार इसकी खासियत यह है कि वह दो महीने की गर्भवती है। पशु मेले में इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बजाया नगाड़ा, ढोल की थाप पर बिदका भैंसा

आज से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मैच

पुष्कर मेले के पहले दिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला रखी गई है। सुबह 10:30 बजे मांडणा प्रतियोगिता और स्कूली छात्राओं का सामूहिक नृत्य आयोजित किया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे स्थानीय और विदेशी पर्यटकों के बीच 'चक दे इंडिया' थीम पर फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया।

शाम को पुष्कर सरोवर के सभी 52 घाटों पर सामूहिक दीपदान होगा। शाम 6 बजे दीपदान के साथ रंगोली, महाआरती और पुष्कर अभिषेक के कार्यक्रम होंगे। स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग घाटों पर रंगोलियां सजाएंगे। दीपों की रोशनी से सरोवर के घाट जगमगा उठेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे मेला स्टेडियम में 'वॉयस ऑफ पुष्कर' कार्यक्रम के तहत स्थानीय गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। शाम 7 बजे राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।

20 से 24 नवंबर तक चलेगा पांच दिवसीय धार्मिक मेला

पुष्कर मेले का धार्मिक महत्व भी खास है। 20 नवंबर को एकादशी से पंचतीर्थ महास्नान के साथ पांच दिवसीय धार्मिक मेला शुरू होगा, जो 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा तक चलेगा। इन पांच दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाने की संभावना है। इस दौरान संत-महंतों के शाही स्नान की परंपरा भी निभाई जाएगी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। घाटों पर रोशनी की व्यवस्था की गई है। गहरे पानी वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाकर संकेत दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ सिविल डिफेंस के जवान भी तैनात रहेंगे। धार्मिक आस्था, पशुओं की नुमाइश, लोक संस्कृति और देशी-विदेशी पर्यटकों की भागीदारी से पुष्कर मेला अगले कई दिनों तक आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।