उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति अंडरग्राउंड: नेपाल सीमा पर अलर्ट, चम्पावत-ऊधमसिंह नगर से नेपाल भागने की आशंका

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के अंडरग्राउंड होने के बाद नेपाल सीमा तक सतर्कता बढ़ा दी गई है। कुमाऊं के चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों से लगती भारत-नेपाल सीमा के रास्ते साहू के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। गिरधारी लाल साहू पर देहरादून के कैंट थाने में पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला दर्ज है। मंत्री ने 15 अक्टूबर को दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया है कि साहू ने पहली शादी और बच्चों की बात छिपाकर छह जुलाई 2004 को धोखे से उनसे विवाह किया। अन्य महिलाओं से अवैध संबंधों का विरोध करने पर मारपीट की, सरकारी आवास में स्टाफ के सामने जातिसूचक शब्द कहे, फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनियों के निदेशक पद से हटाया और एक ऑडियो में महिला से बात करते हुए उनकी हत्या की साजिश रची।
एसआईटी कर रही मामले की जांच
इस मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी ने सोमवार देर शाम मंत्री के बयान दर्ज कर लिए हैं। सूत्रों के अनुसार मंत्री ने साहू से जुड़े कई ठिकानों की जानकारी दी है जहां से अहम दस्तावेज मिलने की उम्मीद है। इससे पहले बरेली गई एक टीम कुछ साक्ष्य लेकर लौटी थी लेकिन साहू से पूछताछ नहीं हो सकी थी।
जांच के लिए बरेली जाएगी टीम
अब दूसरी टीम बरेली जाकर कंपनियों से जुड़े दस्तावेज जुटाएगी। वहीं सोमवार को कब्जे में लिया गया वायरल ऑडियो बुधवार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा सकता है ताकि उसकी प्रमाणिकता और एआई से बनाए जाने के दावे की जांच हो सके। एसआईटी प्रभारी ने कहा कि प्रकरण की गहनता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

