राहुल गांधी का धामी सरकार पर हमला: बोले-3.56 लाख करोड़ के निवेश दावे में फर्जीवाड़ा, 100 करोड़ रोड शो पर फूंके

उत्तराखंड में निवेश को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुष्कर सिंह धामी सरकार पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर 3.56 लाख करोड़ के निवेश का फर्जी दावा करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने 1,779 एमओयू के जरिये 3.56 लाख करोड़ के निवेश का दावा किया और इसके लिए रोड शो पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए। बाद में एक लाख करोड़ के निवेश को जमीन पर उतारने की बात कही गई।
राहुल ने आरोप लगाया कि निवेशकों की लिस्ट में आटा चक्की, खाद-बीज की दुकानें और छोटे क्लीनिक तक शामिल हैं। कई लोगों को पता ही नहीं कि उन्हें निवेशक के तौर पर गिना गया है। उन्होंने कहा कि एक लाख करोड़ में से 35,279 करोड़ रुपये सरकारी बिजली कंपनियों के हैं। एक सीएसआर से चलने वाले स्कूल को 24.49 करोड़ का निवेशक बताया गया है। वहीं 1,200 करोड़ के निवेशक के तौर पर दिखाई गई कंपनी की चार साल से कोई कमाई नहीं है और उसका एक भी कर्मचारी रिकॉर्ड में नहीं है।
3300 निवेशकों की मांगी सूची
राहुल ने यह भी कहा कि दुबई और लंदन रोड शो से 27,975 करोड़ के निवेश का दावा हुआ लेकिन जमीन पर उतरे निवेशकों की लिस्ट में इन शहरों की एक भी कंपनी नहीं है। उनका आरोप है कि समिट से 7 दिन पहले 1 दिसंबर 2023 को निवेश की परिभाषा बदल दी गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी 3,300 निवेशकों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है। राहुल ने कहा कि राज्य में निवेश कागजों पर है और युवाओं के हिस्से में पेपर लीक आ रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

