रोते हुए बोलीं उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या: पति पहले से शादीशुदा, बच्चों की सुरक्षा के लिए पति के खिलाफ दी तहरीर

पति पहले से शादीशुदा, बच्चों की सुरक्षा के लिए पति के खिलाफ दी तहरीर

उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कैबिनेट मंत्री की शिकायत पर कैंट थाने में जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। कैबिनेट मंत्री की शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मंत्री का आरोप यह भी है कि उनका पति पहले से विवाहित है और वर्तमान में भी उनके विवाहेत्तर संबंध हैं। अब वह एक महिला के साथ मिलकर जान से मारना चाहता है। आरोप यह भी हैं कि मंत्री के पति ने कई दस्तावेजों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें पदों से हटा दिया जबकि उन्होंने किसी भी पद से त्यागपत्र नहीं दिया है।

पहले से हैं पति के बच्चे

मंत्री ने पुलिस को बताया कि उनका विवाह 2004 में बरेली के रहने वाले गिरधारी लाल साहू से हुआ था। वह पहले से शादीशुदा थे, इस बात को उन्होंने छुपाया। पहली शादी से उनके बच्चे भी हैं। जब उन्हें यह बात पता चली तब तक उनके भी बच्चे हो गए थे। ऐसे में लोक लिहाज के कारण वह चुप रहीं। आरोप है कि वह (रेखा आर्या) अनुसूचित जाति से आती हैं जबकि गिरधारी लाल साहू दूसरी जाति से हैं। पिछले कुछ समय से गिरधारी लाल साहू का व्यवहार बदलने लगा। कुछ समय बाद पता चला कि वर्तमान में साहू के दूसरी महिलाओं से संबंध हैं। इस पर जब उन्होंने आपत्ति जताई तो साहू ने मौखिक और लिखित दोनों रूप से उनसे माफी मांगी। बावजूद इसके साहू की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो साहू ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द कहे।

फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी से उन्हें हटाया

आरोप है कि साहू कई बार उनके सरकारी आवास पर आया और आपत्तिजनक शब्द कहे। इसके बाद और भी बातों का खुलासा हुआ। पता चला कि साहू ने दस्तावेजों पर जाली हस्ताक्षर कर कंपनी से उन्हें निदेशक पद से हटा दिया जबकि उन्होंने ऐसा कोई भी पत्र नहीं बनाया और न ही कभी त्यागपत्र दिया। एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मंत्री की शिकायत पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, जान से मारने का षड्यंत्र रचने, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंत्री ने पुलिस को बताया कि उन्हें हाल ही में एक ऑडियो मिला है। इस ऑडियो में गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात कर रहा है। आरोप है कि इस महिला के साथ वह मंत्री को जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है। पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है।

वीडियो जारी कर रोईं मंत्री

मंत्री रेखा आर्या के मामले में फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे उनके समर्थन में आ गए हैं। उनका कहना है कि उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश की किसी भी बेटी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे, मंत्री के मामले में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कार्रवाई के लिए अनुरोध करेंगे। वहीं महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने घरेलू हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया, जिसमें वे रोते हुए कह रहीं हैं कि अपने बच्चों की रक्षा के लिए पुलिस में तहरीर दी है।

आम हो या खास, नहीं सहना घरेलू अत्याचार

मंत्री ने कहा, पति के ऑडियो ने उनके वैवाहिक जीवन पर प्रश्न लगा दिया। क्या सच्चाई व ईमानदारी से रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है, इस ऑडियो को सुनकर उन्हें हृदयघात की पीड़ा के साथ यह निर्णय लेना पड़ा कि उन्हें अपने बच्चों की रक्षा और सुरक्षा के लिए पुलिस में तहरीर देनी पड़ी। ऑडियो भी इसलिए बना रही हैं कि महिला आम हो या खास हो, उसे घरेलू अत्याचार नहीं सहना है। मंत्री ने कहा वह संविधान को साक्षी मानते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती आई हैं और करती रहेंगी। उन्हें पूरा भरोसा है इस क्षण में भी देवभूमि के लोग साथ होंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।