कश्मीर की सियासत में महासंग्राम: सांसद रुहुल्ला ने छोड़ी नेशनल कॉन्फ्रेंस, सरकार पर गहराया संकट

सांसद रुहुल्ला ने छोड़ी नेशनल कॉन्फ्रेंस, सरकार पर गहराया संकट
सेव सूची

जम्मू-कश्मीर की राजनीति में मंगलवार 3 नवंबर को एक बड़ा भूचाल आ गया। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के कद्दावर नेता और मौजूदा सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने पार्टी से इस्तीफा देने का अधिकारिक एलान कर दिया। बडगाम में अपने समर्थकों के एक विशाल जनसैलाब के बीच उन्होंने कहा कि अब वे नेशनल कॉन्फ्रेंस के बंधनों से पूरी तरह मुक्त और आजाद हैं। 3 नवंबर की तारीख रुहुल्ला और उनके परिवार के लिए बेहद भावुक करने वाली है। क्योंकि इसी दिन साल 2000 में उनके पिता आगा सैयद मेहदी की एक आतंकवादी हमले में हत्या कर दी गई थी। अपने पिता की बरसी के इस बेहद संवेदनशील मौके पर रुहुल्ला मेहदी ने पार्टी आलाकमान के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंक दिया। जिससे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

कुर्सी संभालनी नहीं, कुर्सी से उतरना था

बडगाम की रैली में उमड़े हजारों समर्थकों की गूंज के बीच आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने दोपहर ठीक 2:40 बजे अपनी विदाई का एलान किया। उन्होंने बेहद गंभीर लहजे में जनता का आभार व्यक्त किया। "मैं आप सभी का दिल से शुक्रगुजार हूँ कि आप इतनी बड़ी संख्या में यहाँ पहुँचे। आज का यह आयोजन सत्ता की किसी कुर्सी को हासिल करने के लिए नहीं था। बल्कि सिद्धांतों के लिए कुर्सी को लात मारने के लिए था। दोपहर 2:40 बजे तक मैं नेशनल कॉन्फ्रेंस का हिस्सा था। अब मैं खुद को इस दल से पूरी तरह आजाद करता हूँ।" इस ऐतिहासिक एलान के साथ ही पूरी घाटी 'टाइगर-टाइगर, रुहुल्ला टाइगर' के गगनभेदी नारों से गूंज उठी। रुहुल्ला ने अपना इस्तीफा मोहम्मद अशरफ मट्टू को सौंपा। मट्टू वही बदनसीब पिता हैं जिनके बेटे तुफैल मट्टू की साल 2010 में श्रीनगर के डाउनटाउन में पुलिस फायरिंग के दौरान मौत हो गई थी। जो कश्मीर में एक बड़े जनआंदोलन की वजह बना था।

वादा कुर्सी से बड़ा है

इस रैली की सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर श्रीनगर के हरवान इलाके से आई। जहाँ तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला 9 वर्षीय बच्चा दायम रजा अपने पिता और दादा के साथ हाथ में उर्दू में लिखी एक तख्ती लेकर पहुँचा था। उस तख्ती पर लिखा था 'वादा कुर्सी से बड़ा है।' बच्चे के दादा मोहम्मद रफीक ने कहा कि रुहुल्ला आज कश्मीर के उन चुनिंदा नेताओं में से हैं जो सच बोलने का हौसला रखते हैं और जनता के हक की बात बिना डरे करते हैं। वहीं। किश्तवाड़ से आए एक युवा ने तो रुहुल्ला के इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए अपना निकाह (शादी) तक आगे बढ़ा दिया।

समर्थकों ने खोली पोल

रैली में उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा से लेकर गांदरबल और मागाम तक से लोग पहुँचे थे। समर्थकों और जनता का साफ आरोप था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनाव में किए वादे तोड़े। जीतने के लिए जनता से जो लोक-लुभावन वादे किए थे, सरकार बनने के बाद उन पर पानी फेर दिया गया। अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली को लेकर पार्टी ने चुनावों में वादा किया था। वे इसके लिए कड़ा संघर्ष करेंगे, लेकिन सत्ता मिलते ही रुख नरम पड़ गया। 2024 के चुनाव में हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा हुआ फ्लाप। और युवाओं को 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा पूरी तरह कागजी साबित हुआ। डेली वेजर्स (दैनिक वेतनभोगी), विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर एक साल बीत जाने के बाद भी उमर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।

25 विधायकों की बगावत!

आगा रुहुल्ला का इस्तीफा केवल एक सांसद का जाना नहीं है। बल्कि यह नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रही गहरी रार की परिणति है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि नेकां के करीब 25 विधायक इस समय बागी रुख अपनाए हुए हैं। और वे सरकार की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज हैं। रुहुल्ला मेहदी कश्मीर घाटी, विशेषकर शिया समुदाय और युवाओं के बीच एक बेहद लोकप्रिय और बेदाग चेहरा हैं। उनके इस कदम के बाद उमर अब्दुल्ला सरकार के सामने अपनी सत्ता बचाने और पार्टी के भीतर टूट को रोकने की बहुत बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।