झारखंड में ट्रक और पिकअप की टक्कर, सात की मौत: मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे थे लोग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ताशा पार्टी के सदस्य थे, जो मुहर्रम पर्व के अवसर पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन लारी बुध बाजार के पास होटल सम्राट के समीप पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक जब्त, चालक फरार
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। इसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतकों में दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शुक्रवार सुबह तक पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में राहत कार्य चलता रहा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









