हिमांचल प्रदेश के चंबा जिले में भीषड़ सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, सात की मौत ग्यारह घायल
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जिसमें तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर यात्रियों से भरी एक निजी बस के पलटने से 7 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना चंबा के चुराह घाटी में बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर हुई।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। शर्मा ट्रैवलर्स की यह बस सुबह करीब 6:30 बजे रवाना हुई थी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। जानकारी के अनुसार, बस में 18 सवारियां मौजूद थीं।
बस में कुल 18 यात्री सवार
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बस दुर्घटना की सूचना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। एएसपी चंबा दिनेश शर्मा ने कहा कि बैरागढ़ से चंबा आ रही प्राइवेट बस पांच किलोमीटर का सफर तय करने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दाैरान बस में 18 लोग सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बस के नीचे दबे यात्रियों को मशीनों से निकाला गया बाहर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। बस के नीचे दबे यात्रियों को निकालने के लिए लोहे को काटा गया और जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। पुलिस और प्रशासन की टीम के पहुंचने के बाद बचाव कार्य में तेजी आई।
दुर्घटना के कारणों का पुलिस कर रही गहनता से जांच
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि सात यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 11 यात्री घायल हैं। हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच करेगी। जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
पीएम और सीएम ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुए हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया। मोदी ने कहा, "मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों।" वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाए व्यक्ति की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।











