चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन: पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी, ड्रोन से दागे गए आंसू गैस के गोले
पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में मोहाली से चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को वाईपीएस चौक के पास रोक दिया गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर चंडीगढ़ की सीमाएं सील कर दी थीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर की मदद से बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी भीड़ के पीछे नहीं हटने पर गन और ड्रोन के जरिए आंसू गैस के गोले दागे गए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हट गए।
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की, जिसमें कुछ जवान घायल हुए हैं। प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ और मोहाली के बीच आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। दोनों शहरों को जोड़ने वाले रास्तों पर बड़े वाहन खड़े कर बैरिकेडिंग की गई। मौके पर डीसी निशांत यादव, डीजीपी सारगप्रीत हुड्डा और एसएसपी कंवरदीप कौर भी पहुंचे। इससे पहले गवर्नर हाउस के नजदीक पहुंचे शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान को हिरासत में ले लिया गया।
21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान
प्रदर्शन के बाद कौमी इंसाफ मोर्चा के नेताओं ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को जेल में बंद जगतार सिंह हवारा का वीडियो सामने आया था। इसमें उसने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील करते हुए शरारती तत्वों से सावधान रहने और युवाओं से वालंटियर बनकर व्यवस्था संभालने को कहा था।
पैरोल की सिफारिश केंद्र के पास लंबित
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा हवारा अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल मांग रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की सिफारिश की है। राज्यपाल ने यह प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हवारा को पहले एक दिन की पैरोल देने की पेशकश की गई थी, लेकिन उसने इसे लेने से इनकार कर दिया।












