महाराष्ट्र के परिवार के छह सदस्यों को नहर में फेंका: तीन की मौत, दो लापता

तीन की मौत, दो लापता
सेव सूची

महाराष्ट्र के जलगांव निवासी एक परिवार के छह सदस्यों को सूरत एक नहर में फेंक दिया गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हैं जबकि 13 वर्षीय एक लड़का बच गया। घटना 21 नवंबर को बारदोली तालुका में हुई। इसने प्रारंभिक सूचना के आधार पर कहा कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और वे परिवार के परिचित हैं।

शिकायत के अनुसार, परिवार किसी काम से सूरत जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य वाहन में उनका पीछा कर रहे चार लोगों ने बारदोली के उवा गांव के पास उन्हें रोक लिया। बारदोली ग्रामीण थाने के निरीक्षक पीएन जडेजा ने बताया कि दंपति सहित तीन लोगों के शव महुवा के पास नहर से बरामद किए गए जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा तैरकर किनारे पहुंचने में कामयाब रहा और रविवार सुबह मदद मांगी। उन्होंने कहा कि दो साल का बच्चा और 16 वर्षीय किशोर अब भी लापता हैं। दोनों लापता बच्चों का पता लगाने और घटना की वजह जानने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सूरत जा रहा था परिवार

पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने कहा, रविवार सुबह 13 वर्षीय लड़के को थाने लाया गया। वह मराठी में बात कर रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि परिवार किसी काम से वाहन में सवार होकर सूरत जा रहा था। रात के दौरान एक अन्य वाहन परिवार की गाड़ी का पीछा कर रहा था। परिवार के वाहन को रोकने के बाद गिरोह के सदस्यों ने लड़के के माता-पिता और दो साल के बच्चे को एक वाहन में बैठा दिया। लड़के, उसके 16 वर्षीय भाई और नौ वर्षीय बहन को दूसरे वाहन में बैठाया गया। लड़के ने बताया कि उसे, उसके 16 वर्षीय बड़े भाई और नौ वर्षीय बहन को नहर में फेंक दिया गया। वह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा और उसने घर पर अपनी सबसे बड़ी बहन से संपर्क किया। हमारी टीम उसे (सबसे बड़ी बहन) को यहां लेकर आई, उसका बयान दर्ज किया और मामला दर्ज किया।’’

जांच के लिए छह टीमे गठित

पुलिस ने बताया कि तलाश अभियान के दौरान महुवा तालुका के डूंगरी के पास उकाई-काकरापार नहर से एक पुरुष, एक महिला और एक लड़की के शव बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों ने शवों की पहचान की। मृतक पुरुष की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और महिला की पहचान उनकी पत्नी कविता पाटिल के रूप में हुई। तीसरा शव उनकी नौ वर्षीय बेटी का है। मामले की जांच के लिए पुलिस की छह अलग-अलग टीम और एक विशेष तकनीकी टीम गठित की गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि कविता पाटिल के पहले पति की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह नितिन के साथ रह रही थी। 16 वर्षीय लड़का और दो वर्षीय बच्चा लापता हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम नहर में उनकी तलाश कर रही हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।