लद्दाख में चुनाव से पहले सोनम वांगचुक पर कार्रवाई: 60 दिन तक घर में किए गए नजरबंद, रैली-जुलूस पर भी रोक

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को प्रशासन ने 60 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया है। उनके रैली और जुलूस में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर यह आदेश जारी किया है। इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 का इस्तेमाल किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन की यह कार्रवाई चार दिसंबर को होने वाले लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) के चुनाव से पहले हुई है। वांगचुक और स्थानीय संगठनों ने दिसंबर में चुनाव कराने के फैसले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस दौरान लद्दाख में भीषण ठंड पड़ती है और बड़ी संख्या में छात्र व कामगार अस्थायी रूप से दूसरे क्षेत्रों में चले जाते हैं। ऐसे में हजारों मतदाता मतदान से वंचित रह सकते हैं।
वांगचुक बोले- तीखे सवाल पूछने की मिली सजा
नजरबंदी के आदेश से कुछ देर पहले ही सोनम वांगचुक ने अपने घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि उनके घर को हथियारबंद पुलिसकर्मियों ने घेर लिया है। वांगचुक ने कहा, ''मैं नजरबंद हूं। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं। सरकार का कहना है कि मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे।''
चुनाव की तारीख पर क्यों है विवाद?
सोनम वांगचुक और स्थानीय संगठनों का तर्क है कि दिसंबर में कड़ाके की ठंड के कारण मतदान प्रभावित हो सकता है। इस मौसम में बड़ी संख्या में लोग पढ़ाई और काम के सिलसिले में लद्दाख से बाहर रहते हैं। ऐसे में चुनाव कराने से कई मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
वहीं, लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सर्दियों में चुनाव कराने के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर हीटर की व्यवस्था की जाएगी और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए अलग कतारें लगेंगी। उन्होंने कहा कि लद्दाख में स्कूल सामान्य तौर पर 15-16 दिसंबर तक खुले रहते हैं। जब बच्चे इस मौसम में स्कूल जा सकते हैं तो वयस्कों को मतदान के लिए आने में भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कुंद्रा के मुताबिक, समय पर परिषदों का गठन जरूरी है, ताकि नए निर्वाचित निकाय जनवरी से मार्च के बीच अगले वित्तीय वर्ष का बजट तैयार कर सकें।
100 सीटों पर होगा परिषदों का चुनाव
नए जिलों के गठन के बाद लेह और कारगिल की परिषदों में सीटों की संख्या 26-26 से बढ़ाकर 50-50 कर दी गई है। इस तरह कुल आठ परिषदों की 100 सीटों पर चुनाव होंगे। इनमें 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, 17 नवंबर नामांकन की अंतिम तारीख है। 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 20 नवंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। चार दिसंबर को मतदान और आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
पंचायत और नगर निकायों में भी चुनावी प्रक्रिया जारी
लद्दाख की 192 पंचायतों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं। बाकी 137 पदों पर मतदान होना है। इसके अलावा लेह नगर पालिका के 21 और कारगिल नगर पालिका के 17 वार्डों में भी चुनाव प्रक्रिया चल रही है। कारगिल के चार वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।