सोनिया गांधी ने किया इंस्टाग्राम पर डेब्यू: किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की दिखाई पहली झलक, इटली से भारत तक के सफर का किया जिक्र

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ गई हैं। गुरुवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना पहला वीडियो शेयर किया जिसमें उनकी आने वाली आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक दिखाई है। सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में किताब की झलक शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। पेश है मेरी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक। उन्होंने आगे लिखा यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है। मैं इसे आपके साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं।
यह संस्मरण सोनिया गांधी के निजी जीवन के सफर को बयां करता है। युद्ध के बाद इटली में उनके बचपन से लेकर उस रोमांस तक जो उन्हें भारत ले आया और उन व्यक्तिगत नुकसानों तक जिन्होंने उनके जीवन और उनके अपनाए हुए देश के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया। इस किताब में उन्होंने इटली में अपने बचपन, कैम्ब्रिज में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते, अपनी सास पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और अपने पति राजीव गांधी की हत्या जैसी दिल दहला देने वाली घटनाओं को याद किया है।
10 नवंबर को प्रकाशित होगी किताब
प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। अल्फ्रेड ए. नॉफ, नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप का एक इम्प्रिंट है, जो पेंगुइन रैंडम हाउस का हिस्सा है। गौरतलब है कि इटली में जन्मी सोनिया गांधी इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में 19 साल की छात्रा थीं, जब 1965 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी। हाल ही में राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर खुशी जताई थी। उन्होंने कहा था मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि आपकी कहानी आखिरकार उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी जो आपसे प्यार करते हैं। मैं जानता हूं कि आप जैसी निजी स्वभाव वाली इंसान के लिए दुनिया को अपनी कहानी बताना कितना मुश्किल रहा होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

