स्पाइसजेट के प्लेन में अचानक बंद हुआ एसी: यात्रियों ने सफर से किया इनकार, फ्लाइट दिल्ली से जा रही थी पुणे
आईजीआई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली–पुणे उड़ान के दौरान एक बड़ा हंगामा सामने आया है। प्लेन में बोर्डिंग पूरी होते ही केबिन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक ठप हो गया, जिसके चलते प्लेन के अंदर का तापमान बेहद तेजी से बढ़ गया। भीषण गर्मी और घुटन के कारण यात्रियों की हालत बिगड़ने लगी। लंबी देर तक कोई राहत न मिलने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
यात्रियों से भरी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को टेकऑफ से ठीक पहले वापस पार्किंग एरिया में लौटना पड़ा। दरअसल, दिल्ली से पुणे जा रही फ्लाइट का एसी सिस्टम खराब हो गया था, जिसकी वजह से केबिन में भीषण गर्मी और उमस हो गई। हालात इस कदर बिगड़ गए कि 100 से ज्यादा यात्रियों ने प्लेन में सफर करने से ही इनकार कर दिया। कुछ महिला यात्रियों की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें व्हीलचेयर के सहारे टर्मिनल तक ले जाना पड़ा।
काम करना बंद कर दिया एसी
विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि मंगलवार रात 9:30 बजे दिल्ली से फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी, लेकिन यह डिले होकर रात 11:30 बजे के लिए रीशेड्यूल हो गई। जब यात्रियों ने विमान में बोर्ड किया, तो अंदर काफी गर्मी और उमस थी। एसी काम नहीं कर रहा था। शुरुआत में यात्रियों ने धैर्य रखा क्योंकि अक्सर टेकऑफ के समय या गेट क्लोजर के बाद टैक्सींग के दौरान एसी पूरी तरह काम करना शुरू कर देता है। लेकिन करीब 40-45 मिनट तक रनवे पर टैक्सी करने के बाद भी एसी ऑन नहीं हुआ।
क्रू मेंबर ने चुपचाप सीट पर बैठने को कहा
भीषण गर्मी और वेंटिलेशन न होने की वजह से कई यात्रियों को घुटन महसूस होने लगी। जब उन्होंने केबिन क्रू से एसी चालू करने के लिए कहा, तो आरोप है कि उन्हें चुपचाप अपनी सीट पर बैठे रहने को कहा गया। विमान में कुछ गर्भवती महिलाएं भी सफर कर रही थीं और पसीने से लथपथ कई लोग बेहोश होने की कगार पर पहुंच गए थे। इसके बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। वे अपनी सीटों से उठ गए और टेकऑफ तुरंत रोकने की मांग करते हुए विमान के दरवाजे खोलने की जिद पर अड़ गए।
यात्रियों ने 'स्पाइसजेट बंद करो' के लगाए नारे
यात्रियों के भारी विरोध को देखते हुए टेकऑफ रोक दिया गया और विमान को वापस पार्किंग एरिया में ले जाया गया। क्रू ने आखिरकार दरवाजे खोले और यात्रियों को नीचे उतारा। फ्लाइट से बाहर निकलने के बाद कई यात्रियों ने टरमैक पर ही एयरलाइन के खिलाफ नाराजगी जताई और विरोध-प्रदर्शन किया। गुस्साए यात्रियों ने 'स्पाइसजेट बंद करो' के नारे लगाए।
स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए किया दूसरी फ्लाइट का इंतजाम
भीषण गर्मी में एक घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहने के कारण कई महिलाओं को चक्कर आने लगे। उन्हें व्हीलचेयर की मदद से टर्मिनल बिल्डिंग तक ले जाया गया। हंगामे के बाद स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एक दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया। यह वैकल्पिक फ्लाइट बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे दिल्ली से रवाना हुई और सुबह 7 बजे पुणे पहुंची। इस पूरे घटनाक्रम पर स्पाइसजेट से जवाब मांगा गया है, जिसका फिलहाल इंतजार किया जा रहा है।











