राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिया से गिरा ट्रैवलर: आठ लोगों की मौत, 17 घायल

आठ लोगों की मौत, 17 घायल

राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह करीब छह बजे एक ट्रैंपो ट्रैवलर (मिनी बस) पुलिया से गिर गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। आठ लोगों की मौत पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने शोक जताया।

इस संबंध में एसएचओ नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था। कोटा शहर से 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास ट्रैवलर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गया। हादसे में 17 पैसेंजर्स घायल हुए हैं। अंधेरे के कारण रेस्क्यू में कुछ देरी भी हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि कई डेडबॉडी सीटों के बीच फंसी थीं। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। घायलों को खिड़की तोड़कर निकाला गया। हादसे के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित अन्य हाईवे पर रोड सेफ्टी के लिए स्टडी की जा रही है। कुछ पॉइंट्स बताए हैं। उसकी अंतिम मीटिंग नवंबर में होगी। मीटिंग के बाद ब्लैक स्पॉट को ठीक कराएंगे ताकि भविष्य में कोई दुर्घटनाएं न हों।

वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

रेस्क्यू करने पहुंची टीम के एक मेंबर ने बताया कि आशंका है कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे बोनट की तरफ से टकराई हो। क्योंकि अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसा इतना विभत्स था कि एक बॉडी डैश बोर्ड के कांच को तोड़ते हुए बाहर आ गई थी। स्थानीय पुलिस के अनुसार घटना की सूचना करीब सवा छह बजे मिली थी। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू शुरू कर दिया गया था। कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर जाम की स्थिति भी बन गई थी।

सीपीआर देकर कई की बचाई जान

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि अब तक आठ मौतों की पुष्टि हुई है। बस में कई फैमिली थीं। आपसी रिश्तों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। न्यू मेडिकल कॉलेज लाए गए कई घायल बेसुध थे। उन्हें सीपीआर दी गई। कई घायलों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी रखा गया है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स के अनुसार अधिकतर घायलों के सिर में चोट है। हाथ और पैर में भी फ्रैक्चर हैं। सीटों के बीच फंसने के कारण ज्यादा चोट लगी हैं।

17 घायल, कुछ की हुई पहचान

घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े घायल हुए हैं।

इनकी हुई मौत

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू हैं। बस चालक की भी मौत हो गई है। इनमें से 7 की मौत मौके पर ही हो गई थी। एक घायल ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ड्राइवर को झपकी के कारण हादसे की आशंका

पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ है। ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया है। आगे की तरफ बैठे पैसेंजर्स को सबसे ज्यादा चोट लगी है। कई घायल सीटों के बीच फंस गए थे। ग्रामीणों ने कांच तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।