झारखंड में तिहरा हत्याकांड: पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से तीन लोगों की ली जान, बचाने आए परिजनों पर भी किया हमला
झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई। थाना क्षेत्र से करीब ढाई किलोमीटर दूर कुकुरलीलवा गांव में एक पड़ोसी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी बहू शामिल हैं। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी राजू सिंह को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे आरोपी ने सबसे पहले वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पत्नी को बचाने पहुंचे उसके पति पर भी उसने सिर और गर्दन पर वार कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान दोनों को बचाने पहुंची बहू को भी आरोपी ने निशाना बनाया और उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शव काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे और मौके पर प्रशासन तथा ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
पुलिस के सामने भी किया हमला
जानकारी के अनुसार, दंपती की बहू धान का बिचड़ा लेकर खेत जा रही थी। इसी दौरान घर के बाहर सड़क पर आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बहू पर हमला पुलिस की मौजूदगी में भी किया गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी राजू सिंह मानसिक रूप से सनकी प्रवृत्ति का बताया जाता है। आरोप है कि वह पहले भी अपने परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। बीते सप्ताह उसने अपनी पत्नी की भी पिटाई की थी, जिसके बाद वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











