झारखंड में मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रक में घुसी कार: मंत्री की बेटी समेत चार की मौत, गैस कटर से निकाले शव

सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क के बीच खड़े ब्रेकडाउन ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, भारी ट्रक खराब होने के बाद मरीन ड्राइव की सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गया, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कार में बुरी तरह फंसे शव

हादसे के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे। उनकी स्थिति इतनी खराब थी कि पुलिस और बचाव टीम को कार का मलबा काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और मंत्री की बेटी तृषा सिंह के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक-युवतियां 12वीं कक्षा के छात्र थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों की मौत को बेहद दुखद बताया। सोरेन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह अपूरणीय क्षति सहने की शक्ति मिलने की कामना की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।