झारखंड में दो बाइकों की टक्कर: हादसे में दो दोस्तों की मौत, घर में छठ महापर्व का था आयोजन

हादसे में दो दोस्तों की मौत, घर में छठ महापर्व का था आयोजन
सेव सूची

गोड्डा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गोड्डा-भागलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 333 (ए) पर सदर प्रखंड के मोतिया ओपी क्षेत्र स्थित सिकटिया संथाली टोला के समीप हुआ। मृतकों की पहचान गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर गोढ़ी मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय राहुल यादव पुत्र दिनेश यादव और 23 वर्षीय मनीष यादव, पुत्र प्रसादी यादव के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष और राहुल बाइक से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे विकास कुमार की बाइक से उनकी तेज रफ्तार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनीष और राहुल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हेलमेट न पहनने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

छठ की खुशियां मातम में बदलीं

इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों मृतक पड़ोसी होने के साथ-साथ गहरे दोस्त थे। दोनों के घरों में छठ महापर्व का आयोजन हो रहा था और महिलाएं छठ के गीत गा रही थीं, तभी हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

अस्पताल में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही मोतिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राहुल और मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को आशंका है कि सड़क पर गिरने के बाद किसी अज्ञात भारी वाहन ने दोनों को कुचल दिया। इस संबंध में मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है और परिजनों द्वारा अज्ञात वाहन से कुचले जाने की आशंका के बिंदु पर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।