Asian Champions Trophy: टीम इंडिया ने ​खिताबी मुकाबले में बनाई जगह, सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को रौंदा

टीम इंडिया ने ​खिताबी मुकाबले में बनाई जगह, सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को रौंदा

पांच बार की चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह के दो-दो गोल की मदद से बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त देकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली।

भारत ने सातवीं बार फाइनल में बनाई जगह

भारत के लिए लाकड़ा ने चौथे और 13वें मिनट जबकि दिलप्रीत ने 21वें और 25वें मिनट में दो-दो गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने नौवें मिनट में, सुखजीत सिंह ने 21वें मिनट में, अंगद बीर सिंह ने 36वें मिनट में और विवेक सागर प्रसाद ने 54वें मिनट में गोल किए जिससे भारत ने रिकॉर्ड सातवीं बार इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। साउथ कोरिया के लिए एकमात्र गोल सांगजुन हान ने नौवें मिनट में किया।

फाइनल में जापान से होगा सामना

भारत का सामना गुरुवार को फाइनल में जापान से होगा। जापान ने दिन के पहले सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक मलेशिया के खिलाफ गोलरहित बराबरी रहने के बाद शूटआउट में 5-3 से जीत दर्ज की। भारत ने राउंड रॉबिन चरण में भी साउथ कोरिया को 8-0 से हराया था। मेजबान टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। उसने छह टीम के राउंड रॉबिन मुकाबलों में अपने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था।

पहले हाफ में ही बनाई बढ़त

भारत ने हाफ टाइम तक 6-1 की बड़ी बढ़त बना ली थी। टीम ने शुरुआती दोनों क्वार्टर में तीन-तीन गोल किए। मुकाबले में भारत को चार पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि साउथ कोरिया एक भी पेनल्टी कॉर्नर हासिल नहीं कर सका। लाकड़ा ने चौथे मिनट में मैदानी गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, साउथ कोरिया ने नौवें मिनट में सांगजुन हान के मैदानी गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने विपक्षी टीम के सर्कल में लगातार हमले किए और नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। कप्तान हरमनप्रीत ने इस मौके को गोल में बदलकर भारत को फिर से बढ़त दिला दी। चार मिनट बाद लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर से मिले रिबाउंड पर अपना दूसरा गोल दागा और भारत की बढ़त 3-1 कर दी।

भारतीय खिलाडि़यों ने किया आक्रामक प्रदर्शन

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक प्रदर्शन जारी रहा। टीम ने पांच मिनट के भीतर तीन मैदानी गोल करके मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सुखजीत सिंह ने 21वें मिनट में मैदानी गोल किया। इसके कुछ ही सेकेंड बाद दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल दाग दिया। दिलप्रीत ने 25वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके भारत को हाफ टाइम तक 6-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम दो क्वार्टर में भारत ने एक-एक गोल किया। हाफ टाइम के छह मिनट बाद अंगद बीर सिंह ने मैदानी गोल करके भारत की बढ़त 7-1 कर दी। इसके बाद 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने एक और मैदानी गोल दागकर भारत की 8-1 से शानदार जीत पर मुहर लगा दी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।