एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप: चोटिल पाटीदार की जगह आयुष बडोनी टीम में शामिल, रिंकू सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी

एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप शुरू होने से पहले भारत-ए को बड़ा झटका लगा है। चोट के कारण मध्यक्रम के बल्लेबाज रजत पाटीदार टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा रिंकू सिंह को भारत-ए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ‘‘रजत पाटीदार ने बीसीसीआई को सूचित किया है कि चोटों से उबरने की प्रक्रिया से गुजरने के कारण उन्हें 50 ओवर के प्रारूप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना जाए।’’ बयान के अनुसार, ‘‘इसके बाद उन्हें एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत-ए टीम से हटा लिया गया है। सेलेक्शन कमेटी ने रिंकू सिंह को उपकप्तान नियुक्त किया है जबकि आयुष बडोनी को पाटीदार की जगह टीम में शामिल किया गया है।’’
19 नवंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट कतर के दोहा में 19 से 29 नवंबर तक खेला जाएगा। इसमें आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत-ए, पाकिस्तान-ए, संयुक्त अरब अमीरात-ए और नेपाल-ए को ग्रुप बी में रखा गया है जबकि ग्रुप ए में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग की टीम हैं।
22 नवंबर को होगी पाकिस्तान से टक्कर
भारत-ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल-ए के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 22 नवंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान-ए और 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात-ए से भिड़ेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 29 नवंबर को होगा।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत-ए की संशोधित टीम
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उप कप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान और आयुष बडोनी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

