बुमराह ने ली न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा: निकोल्स ने कहा- गेंद को दोनों तरफ ​स्विंग करा कर टीम को मु​श्किल में डाला, बेहतरीन गेंदबाज है बुमराह

निकोल्स ने कहा- गेंद को दोनों तरफ ​स्विंग करा कर टीम को मु​श्किल में डाला, बेहतरीन गेंदबाज है बुमराह
सेव सूची

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने गुरुवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन संघर्षपूर्ण शतक जड़ने के बाद कहा कि जसप्रीत बुमराह की गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को लगातार असमंजस और दबाव में रखा। बुमराह ने अपनी अनूठी गेंदबाजी शैली और गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली। निकोल्स ने नाबाद 113 रन बनाकर न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से उबारकर पांच विकेट पर 243 रन तक पहुंचाया। निकोल्स ने कहा, बुमराह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा रहे थे और बल्लेबाजों पर लगातार काफी दबाव बना रहे थे। यह शानदार चुनौती है।

बुमराह का कई बार सामना कर चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोल्स का मानना है कि भारतीय गेंदबाज की असामान्य गेंदबाजी शैली से कुछ हद तक परिचित होना मददगार रहा, हालांकि इससे चुनौती कम नहीं हुई। उनकी गेंदबाजी का अंदाज निश्चित रूप से अनूठा है। सौभाग्य से मैंने उनका कई बार सामना किया है जिससे आपको थोड़ा फायदा मिलता है। लेकिन वह निश्चित रूप से तीनों प्रारूपों के बेहतरीन गेंदबाज हैं। निकोल्स विशेष रूप से बुमराह की दोनों तरफ गेंद को स्विंग कराने की क्षमता से प्रभावित हैं। आज जिस तरह से उन्होंने गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया, वह अविश्वसनीय गेंदबाजी थी। मुझे यकीन है कि कल सुबह भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा और एक बार फिर कड़ी चुनौती होगी।

पांच विकेट झटककर दबाव में डाला

भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पांच विकेट जल्दी झटककर मेजबान टीम को भारी दबाव में डाल दिया था। निकोल्स ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की गुणवत्ता और उसके सामने टिके रहने की चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने कहा,पहले सत्र में निश्चित रूप से शानदार सवाल खड़े किए। हम जिस दबाव में थे उससे यह साफ नजर आ रहा था।

फिलिप्स की क्षमता की सराहना की

हालांकि निकोल्स को ग्लेन फिलिप्स के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए नाबाद 173 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। दिन का खेल समाप्त होने तक फिलिप्स 94 रन बनाकर खेल रहे थे। निकोल्स ने कहा, इस साझेदारी और ग्लेन के खेलने के अंदाज ने मेरी जिम्मेदारी काफी आसान कर दी। उनके जवाबी आक्रमण से मेरे लिए बल्लेबाजी करना कुछ आसान हो गया। उन्होंने आक्रामक शॉट खेलने और विकेटों के बीच तेजी से रन लेने की फिलिप्स की क्षमता की भी सराहना की। निकोल्स ने कहा, वह शानदार खिलाड़ी हैं। उनका जवाबी हमला करने का अंदाज और विकेटों के बीच दौड़ भी बेहतरीन है। मुझे लगता है कि इस मामले में हमारा अच्छा तालमेल है। हम दोनों लगातार सक्रिय रहते हैं। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने कहा कि भारत जैसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अच्छी गेंदों का सम्मान करना और साथ ही रन बनाने के अवसरों के प्रति सतर्क रहना महत्वपूर्ण है।

रन बनाने के मौके तलाशने होंगे

उन्होंने कहा, अगर वे अच्छी गेंदें डालते हैं तो हमें उसे स्वीकार करना होगा। हमें उन चीजों पर नियंत्रण रखना होगा जो हमारे हाथ में हैं और फिर रन बनाने के मौके तलाशने होंगे। न्यूजीलैंड के मुश्किल स्थिति से उबरने के बाद निकोल्स ने कहा कि अब प्राथमिकता साझेदारी को आगे बढ़ाने और पहली पारी में अधिक से अधिक रन जोड़ने की होगी। ईमानदारी से कहूं तो हम जितने अधिक रन बना सकते हैं उतना अच्छा होगा। यह अच्छा है कि ग्लेन और मैं नाबाद लौटे हैं। अब हमें फिर से कड़ी मेहनत जारी रखनी होगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।