टीम इंडिया से बाहर, फिर भी चहल का जलवा कायम!: टी-20 में 400 विकेट लेकर रचा इतिहास, बुमराह-भुवनेश्वर को छोड़ा पीछे

टी-20 में 400 विकेट लेकर रचा इतिहास, बुमराह-भुवनेश्वर को छोड़ा पीछे
सेव सूची

भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का टी-20 क्रिकेट में जलवा बरकरार है। उन्होंने एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जहां तक अब तक कोई दूसरा भारतीय गेंदबाज नहीं पहुंच सका है। चहल टी-20 क्रिकेट में 400 विकेट पूरे करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कीर्तिमान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए बनाया।

अमित सात्विक बने चहल के 400वां शिकार

चहल ने बुधवार को इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की। मैच के दौरान उन्होंने तमिलनाडु के सलामी बल्लेबाज अमित सात्विक को बोल्ड कर अपना 400वां टी-20 विकेट पूरा किया। सात्विक ने 17 गेंदों पर 38 रन बनाए थे। इस मैच में चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

346वें मैच में हासिल किया ऐतिहासिक मुकाम

युजवेंद्र चहल ने अपने टी-20 करियर के 346वें मुकाबले में 400 विकेट का आंकड़ा छुआ। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी शुरू होने से पहले उनके खाते में 396 विकेट थे। पंजाब के खिलाफ मुकाबले में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली, जबकि सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने तीन विकेट हासिल किए। इसके बाद तमिलनाडु के खिलाफ एक विकेट लेते ही उन्होंने इतिहास रच दिया।

भारतीय गेंदबाजों में चहल सबसे आगे

टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में चहल अब सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया है।

भारतीय गेंदबाजों के टी-20 विकेट के आंकड़े

युजवेंद्र चहल : 400 विकेट

भुवनेश्वर कुमार : 366 विकेट

जसप्रीत बुमराह : 354 विकेट

पीयूष चावला : 329 विकेट

रविचंद्रन अश्विन : 323 विकेट

अक्षर पटेल : 300 विकेट

टीम इंडिया के लिए 96 और आईपीएल में 233 विकेट

युजवेंद्र चहल का अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 2016 से 2023 के बीच 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 96 विकेट हासिल किए। इस प्रारूप में उनका गेंदबाजी औसत 25.09 रहा है।

वहीं, आईपीएल में भी चहल का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 188 मुकाबलों में 233 विकेट अपने नाम किए हैं। वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस टूर्नामेंट में वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।