क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में सैंडपेपरगेट कांड की समीक्षा का गठन: फोरम में किसी को नहीं किया जायेगा दंडित, अपनी बात रखने के लिए छह सप्ताह तक चलेगा मंच

फोरम में किसी को नहीं किया जायेगा दंडित, अपनी बात  रखने के लिए छह सप्ताह तक चलेगा मंच
सेव सूची

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि 2018 के बहुचर्चित सैंडपेपरगेट धोखाधड़ी कांड की समीक्षा के लिए गठित किए गए फोरम से किसी खिलाड़ी या कोच को किसी तरह से दंडित नहीं किया जाएगा। इस महीने की शुरुआत में पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा के प्रकाशन के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है। ख्वाजा ने खुलासा किया कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ करने की साजिश का पता था जबकि केवल तीन खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को बलि का बकरा बनाया गया।

वार्नर और बैनक्रॉफ्ट ने प्रतिबंध लगने के बाद से इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी थी, लेकिन अब उन्होंने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है। मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के इस आरोप को ‘पूरी तरह बकवास’ करार देते हुए खारिज कर दिया है कि पूरी टीम को पता था कि खेल के दौरान गेंद की स्थिति बदलने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को कहा कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करने वाले खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र मंच खोल दिया गया है और यह छह सप्ताह तक चलेगा।

जवाब देने के लिए 30 दिन का समय

सीनियर वकील फियोना मैकलोयड को इस फोरम का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह प्राप्त जानकारी और बयानों के आधार पर रिपोर्ट और सिफारिशें देंगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इसका जवाब देने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, यह फोरम कोई अनुशासनात्मक प्रक्रिया या न्यायिक सुनवाई नहीं है। यह किसी भी व्यक्ति के बारे में कोई प्रतिकूल निष्कर्ष नहीं निकालेगा, ना ही किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी तय करेगा, ना ही पहले से लगाए गए प्रतिबंधों पर पुनर्विचार करेगा और ना ही किसी तरह के दंड की सिफारिश करेगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।