दुबई कैपिटल्स की सीजन में पहली जीत: डेजर्ट वाइपर्स को 45 रनों से दी मात, सैम बिलिंग्स और रोवमैन पॉवेल की तूफानी बल्लेबाजी

दुबई कैपिटल्स ने ऑलराउंड खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 के छठे मुकाबले में डेजर्ट वाइपर्स को 45 रनों से हरा दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मैच में जीत दर्ज कर दुबई कैपिटल्स ने मौजूदा सीजन में अपना खाता खोल लिया है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दुबई कैपिटल्स की शुरुआत धीमी रही। लेकिन मध्यक्रम में कप्तान सैम बिलिंग्स और रोवमैन पॉवेल ने पारी को संभाला। बिलिंग्स ने 31 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंतिम ओवरों में रोवमैन पॉवेल ने महज 12 गेंदों पर 28 रन ठोके, जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 27 और फाफ डु प्लेसिस ने 24 रनों का योगदान दिया। इन पारियों के दम पर दुबई कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 164 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। डेजर्ट वाइपर्स की ओर से खुजैमा तनवीर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके।
नूर अहमद की फिरकी में उलझे वाइपर्स
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेजर्ट वाइपर्स की टीम दुबई के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.5 ओवरों में महज 119 रनों पर ढेर हो गई। वाइपर्स के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रिस गॉस ने सर्वाधिक 27 रन (30 गेंद) बनाए। उनके अलावा शिमरोन हेटमायर ने 19 और टॉम करन ने 18 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। दुबई कैपिटल्स की ओर से स्पिनर नूर अहमद ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवरों में मात्र 20 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। इसके अलावा मुस्तफिजुर रहमान, दुश्मंथा चमीरा और हसन खान ने 2-2 विकेट हासिल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए नूर अहमद को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।